

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुधंरा राजे ने गुरुवार को अपना जन्मदिन सादगी से मनाया। इस अवसर पर उनके सांसद पुत्र दुष्यन्त सिंह के अलावा राजनीति से जुड़ा कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आमसभा के सिलसिले में झुंझुनू प्रवास के दौरान उन्होंने होटल में केक काटकर अपना जन्मदिन सादगी से मनाया।
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने राजे को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सिंह ने राजे को भेजे शुभकामना संदेश में कहा है कि आप सुदीर्घ आयु प्राप्त करें ओर सदैव स्वस्थ रहें। आपके कुशल नेतृत्व में राजस्थान प्रदेश निरन्तर प्रगति करे और खुशहाल रहे।
मोदी ने वसुंधरा को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को उनके जन्मदिन के अवसर पर ट्वीट करके बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने अपने शुभकामना एवं बधाई संदेश में कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा जी को जन्मदिन की बधाई। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने राजस्थान और हमारे देश के लोगों की परिश्रम के साथ सेवा की है। ईश्वर से उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना है।