Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
pm modi's ki mann ki baat 30 december 2018-2018 रहा भारत के लिए गौरव का वर्ष : मोदी - Sabguru News
होम Breaking 2018 रहा भारत के लिए गौरव का वर्ष : मोदी

2018 रहा भारत के लिए गौरव का वर्ष : मोदी

0
2018 रहा भारत के लिए गौरव का वर्ष : मोदी
pm modi's ki mann ki baat 30 december 2018
pm modi's ki mann ki baat 30 december 2018
pm modi’s ki mann ki baat 30 december 2018

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को 2019 की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि 2018 देश के लिए गौरव का वर्ष रहा है और इस दौरान देश में जहां अनेक बड़ी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई वहीं दुनिया ने भारत के बढ़ते कदमों की भी सरहाना की है।

मोदी ने रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 51वीं कड़ी में रविवार को देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2018 के दौरान विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ की शुरुआत की गई और देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई गई।

आजादी के बाद लाल-किला से पहली बार ‘आज़ाद हिन्द सरकार’ की 75वीं वर्षगांठ पर तिरंगा फहराया गया। देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल के सम्मान में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ देश को मिली।

उन्होंने कहा कि भारत की छवि दुनिया में तेजी से बदली है और विश्व की प्रतिष्ठित संस्थाओं ने माना है कि भारत रिकॉर्ड गति के साथ देश को ग़रीबी से मुक्ति दिला रहा है। दुनिया में देश का नाम ऊंचा हुआ है। देश को संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार ‘चैम्पियन्स ऑफ द अर्थ्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

सौर ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन में भारत के प्रयासों को विश्व में स्थान मिला। भारत में, अन्तरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की पहली महासभा ‘इंटरनेशनल सोलर अलाएंस’ का आयोजन हुआ। देशवासियों के अडिग संकल्प से स्वच्छता कवरेज बढ़कर 95 प्रतिशत को पार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब दुनिया 2019 में प्रवेश कर रही है इसलिए बीते वर्ष की उपलब्धियों की चर्चा जरूरी है क्योंकि हर व्यक्ति, समाज या राष्ट्र काे पीछे मुड़कर के देखना भी होता है, क्योंकि इससे आगे बढने के लिए अनुभवों का लाभ मिलता है और नया करने का आत्मविश्वास भी पैदा होता है।

मोदी ने कहा कि देश ने 2018 के दौरान जो उपलब्धियां हासिल की है उन्हें याद रखना महत्वपूर्ण और आवश्यक है क्योंकि इस तरह की उपलब्धियों को देखकर देश के आम नागरिक में एक नया विश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने जो भी उपलब्धि हासिल की है, वह भारत की 130 करोड़ आबादी के सामर्थ्य का प्रतीक और सामूहिक प्रयास का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि इस साल की महत्वपूर्ण कामयाबियों में कारोबार को सुगम बनाने वाले देशों की सूची में भारत की स्थिति में आया बड़ा बदलाव भी शामिल है। इस दौरान कारोबार सुगम बनाने वाले देशों की रैंकिंग में भारत की स्थिति में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। इस दौरान देश जल, थल और नभ-तीनों क्षेत्रों में परमाणुशक्ति संपन्न हुआ है।

देश की बेटियों ने नाविका सागर परिक्रमा के माध्यम से पूरे विश्व का भ्रमण कर देश को गर्व से भर दिया है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देश के पहले जलमार्ग की शुरुआत की गयी। इससे जलमार्ग के क्षेत्र में नयी क्रांति का सूत्रपात हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल में ही देश के सबसे लम्बे रेल-रोड पुल बोगीबील ब्रिज का लोकार्पण किया गया। सिक्किम के पहले और देश के 100वें एयरपोर्ट – पाक्योंग की शुरुआत हुई।

अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप और दृष्टिहीन खिलाड़ियों के क्रिकेट विश्व कप में भारत ने जीत दर्ज की। एशियन गेम्स में भारत ने बड़ी संख्या में पदक जीते। पारा एशियन गेम्स में भी भारत ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में हमारे सामूहिक प्रयासों की जो भूमिका रही है यदि उसका पूरा जिक्र किया जाए तो ‘मन की बात’ इतनी देर चलेगी कि इसे पूरा करने से पहले शायद 2019 ही आ जायेगा। उन्होंने कहा कि यह सब 130 करोड़ देशवासियों के अथक प्रयासों से संभव हो सका है। मुझे उम्मीद है कि 2019 में भी भारत की उन्नति और प्रगति की यह यात्रा यूं ही जारी रहेगी और हमारा देश और मजबूती के साथ नई ऊंचाइयों को छूएगा।