Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
उज्जैन : कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध में एक पुलिस अधिकारी शहीद - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal उज्जैन : कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध में एक पुलिस अधिकारी शहीद

उज्जैन : कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध में एक पुलिस अधिकारी शहीद

0
उज्जैन : कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध में एक पुलिस अधिकारी शहीद
police inspector Yashwant Pal dies of Coronavirus in Ujjain
police inspector Yashwant Pal dies of Coronavirus in Ujjain

भोपाल। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नीलगंगा थाने में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी यशवंत पाल कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ के खिलाफ युद्ध में शहीद हो गए। वे 59 वर्ष के थे।

नीलगंगा थाना प्रभारी स्वर्गीय यशवंत पाल को कोरोना संक्रमित होने के बाद इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां आज तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। वे ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गए थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने यशवंत पाल के निधन पर शोक जताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि कोविड 19 से लड़ते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर प्राण त्याग देने वाले उज्जैन नीलगंगा के थाना प्रभारी यशवंत पाल को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। हम सब उनके परिवार के साथ हैं।

मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ साहसिक जंग लड़ते हुए यशवंत पाल ने अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। जौहरी ने मध्यप्रदेश पुलिस परिवार की ओर से उनकी शहादत को कोटिशः नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

पुलिस महानिदेशक जौहरी ने कहा है कि पिछले एक हफ्ते के भीतर हमारे दो बहादुर पुलिस अधिकारी कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए हैं। इन दोनों पुलिस अधिकारियों के आसामयिक निधन से पूरा मध्यप्रदेश पुलिस परिवार स्तब्ध एवं शोकाकुल है। इन अधिकारियों द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यपरायणता एवं साहस से हम सब गौरवान्वित हुए हैं। इन जांबाजों ने कर्तव्यपथ पर अपने प्राणों की आहुति देकर मध्यप्रदेश पुलिस की देशभक्ति एवं जनसेवा सर्वोपरि होने की भावना को साकार किया है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि यशवंत पाल के परिवार को यह घोर दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मध्यप्रदेश पुलिस इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ है।

परिजन को दी जाएगी आर्थिक मदद

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना के युद्ध में शहीद उज्जैन के एक पुलिस अधिकारी के परिजन को आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की।

चौहान ने ट्वीट कर कहा कि दुख की इस घड़ी में दिवंगत यशवंत पाल के परिवार के साथ मैं और पूरा प्रदेश खड़ा है। शोकाकुल परिवार को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख रुपए, असाधारण पेंशन, बेटी फाल्गुनी को उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति एवं स्वर्गीय पाल को मरणोपरांत कर्मवीर पदक से सम्मानित किया जाएगा।