Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
BMS से जुड़े श्रमिकों की हत्या राजनीतिक साजिश : सतीश पूनियां - Sabguru News
होम Breaking BMS से जुड़े श्रमिकों की हत्या राजनीतिक साजिश : सतीश पूनियां

BMS से जुड़े श्रमिकों की हत्या राजनीतिक साजिश : सतीश पूनियां

0
BMS से जुड़े श्रमिकों की हत्या राजनीतिक साजिश : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने ट्वीट के जरिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा है कि भारतीय मजदूर संघ (BMS) से जुड़े श्रमिकों की हत्या और आए दिन होने वाले हमले निश्चित रूप से किसी राजनीतिक साजिश को दिखाते हैं।

पूनियां ने आज कहा कि यदि इन मामलों पर राज्य सरकार तुरन्त काररवाई नहीं करती, संगठन की मांगें स्वीकार कर उन्हें सुरक्षा नहीं देती तो इससे स्पष्ट है कि इसमें सरकार की भूमिका संदिग्ध है। डाॅ. पूनियां ने भारतीय मजदूर संघ से जुड़े मृतक श्रमिकों के परिवारों को न्याय देने एवं सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी मांग की है।

उल्लेखनीय है कि राजसमंद के कांकरोली स्थित जेके टायर फैक्ट्री में रविवार को फैक्ट्री परिसर में इंटक यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा चाकू एवं धारदार हथियार से भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता गोपाल शोभावत की हत्या का मामला सामने आया है।

इस मामले में भारतीय मजदूर संघ कार्यालय जयपुर में प्रदेशाध्यक्ष बिशन सिंह एवं प्रदेश महामंत्री दीनानाथ रूंथला ने आपात वर्चुअल बैठक बुलाकर तत्काल पुलिस प्राथमिकी दर्ज करवाने सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

डाॅ. पूनियां ने ट्वीट करके लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को जन्मदिवस की बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा के कोविड-19 पाॅजिटिव होने पर दुख जताते हुए कहा कि मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप जल्द से जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्य करे एवं राजस्थान में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए प्रदेश को कोरोना के संक्रमण से बचाएं।