Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता विवेक को पड़ा दिल का दौरा,अस्पताल में भर्ती - Sabguru News
होम Tamilnadu Chennai लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता विवेक को पड़ा दिल का दौरा,अस्पताल में भर्ती

लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता विवेक को पड़ा दिल का दौरा,अस्पताल में भर्ती

0
लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता विवेक को पड़ा दिल का दौरा,अस्पताल में भर्ती

चेन्नई। लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता विवेक को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अभिनेता विवेक ने कल ही कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ली थी। उन्हें अचानक सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें एसआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था और बाद में एक्सट्रॉकोर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजेनेशन (ईसीएमओ) पर रखा गया।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर दिल का अवरोध हटाने के लिए एंजियोग्राम की योजना भी बना रहे हैं।

दिग्गज निर्देशक के बालाचंदर ने फिल्मी दुनिया को विवेक से परिचित कराया था। अभिनेता ने रजनीकांत, विजयकांत, सरथकुमार, धनुष समेत कई दिग्गजों के साथ स्क्रीन साझा की है।

एक लोकप्रिय अभिनेता के अलावा वह दिवंगत राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बहुत प्रशंसक हैं। उन्होंने पेड़ पौधों के बड़े पैमाने पर रोपण और पर्यावरण संरक्षण सबंधी कई अभियान चलाए हैं।

विवेक के दिल के दौरे का कोविड वैक्सीन से कोई लेना देना नहीं

एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसआईएमएस), जहां लोकप्रिय तमिल हास्य अभिनेता और पद्मश्री विवेक को दिल का दौरा पड़ने के बाद भर्ती कराया गया है, ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि कोविड वैक्सीन की खुराक का अभिनेता की तबीयत बिगड़ने से कोई लेना-देना नहीं है।

एसआईएमएस अस्पताल के निदेशक, चिकित्सा सेवाएं डॉ. विजयकुमार चोक्कन और स्वास्थ्य सचिव डॉ. जे राधाकृष्णन ने पत्रकारों को बताया कि अभिनेता की बायीं धमनी 100 प्रतिशत अवरूद्ध थी जिससे मस्तिष्क को रक्त की आपूर्ति प्रभावित हुई। इसी अवरोध की वजह से उन्हें दिल का दौरा पड़ा और इसका कोरोना वैक्सीन से कोई लेना-देना नहीं है।

चिकित्सकों ने बताया कि विवेक को उनके परिजन बेहोशी की हालत में पूर्वाह्न करीब 11 बजे अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में लाए थे। विशेषज्ञों ने वहीं उनका इलाज शुरू कर दिया। बाद में उनका आपातकालीन कोरोनरी एंजियोग्राम किया गया और उसके बाद एंजियोप्लास्टी की गई। विवेक इस समय गंभीर हालत में हैं और उन्हें ईसीएमओ में रखा गया है।