

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा के श्रीनगर क्षेत्र में एक महिला को घर में बंधक बना सामूहिक बलात्कार का शिकार बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र दुबे ने शुक्रवार को बताया कि कुलपहाड़ के बगवाहा निवासी एक दंपति बीते करीब दो माह से तिन्दोली गांव में रह कर मजदूरी करके अपना पेट पाल रहे थे।
आरोप है कि बीती 25 अप्रेल की शाम महिला जब किसी काम से जा रही थी कि चुरारी निवासी युवक संतू एवं उसके रिश्तेदार ने उसे अपने दरवाजे में रोक घर के भीतर बंधक कर लिया।
यहां पहले से मौजूद आधा दर्जन लोगों ने महिला के साथ बारी बारी से बलात्कार किया। इन दुष्कर्मियों के चंगुल से महिला करीब दो घंटे बाद मुक्त हुई तब उसने घर पहुंच अपने पति को पूरे मामले से अवगत कराया।
पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पीड़िता दो माह की गर्भवती बताई गई है।