
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में मंडलीय अस्पताल में गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले सफाई कर्मी की तलाश की जा रही है। अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती गर्भवती महिला के साथ सात मई को सफाई कर्मचारी ने बाथरूम में दुष्कर्म किया था।
मंगलवार शाम मामले की जानकारी होने पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार एसपी अजय कुमार सिंह पूरे दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे और महिला का बयान दर्ज किया। आरोपी सफाई कर्मचारी साहिल की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने अपराधी को शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र की 22 वर्षीया महिला को पेट दर्द होने पर पति सात मई को उसे लेकर मंडलीय अस्पताल ले कर आया था। यहां उसे महिला वार्ड में भर्ती कर लिया गया। रात को वह बाथरूम गई तो वहां मौजूद सफाई कर्मचारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला के गर्भवती होने और रक्तस्राव होने के कारण आठ मई को उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन वह मायके चली गई। वहां उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां ने लोकलाज के भय से इस मामले को आगे नहीं बढ़ाया। महिला ने अपने पति को सारी घटना की जानकारी दी।
पति ने उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। और घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा।