Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक - Sabguru News
होम Breaking राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक

0
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-पीएम मोदी ने मुलायम सिंह के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया।

मुर्मू ने ट्विटर अपने शोक संदेश में लिखा कि मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!

मोदी ने मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया। वे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी ने उत्तर प्रदेश (यूपी) और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।

उन्होंने कहा कि हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति। मोदी ने ट्वीटर पर मुलायम के साथ मुलाकात की कई तस्वीर भी साझा की।

बिरला ने लिखा कि समाजवाद की मुखर आवाज थे मुलायम सिंह, वे सदैव वंचित वर्ग के कल्याण को समर्पित रहे। बढ़ती आयु-अस्वस्थता के बावजूद मुलायम जी लोक सभा में रहते थे सक्रिय, जेपी और लोहिया की परंपरा को मुलायम ने बढ़ाया आगे, देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने की लंबी सेवा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

शाह, राजनाथ, गड़करी ने जताया शोक

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शाह ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा कि मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति। सिंह ने ट्वीट किया कि मुलायम सिंह यादव जी ज़मीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताज़ा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

गड़करी ने ट्वीट कर कहा कि मुझे व्यक्तिगत तौर पर मुलायम सिंह जी से बेहद स्नेह मिला है, ई-रिक्शा का निर्णय लेते वक्त मुलायम सिंह जी का पुरजोर समर्थन मिला था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन