
जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा रविवार को राजस्थान दौरे पर आएंगी जहां वह टोंक जिले में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रियंका वाड्रा टोंक जिले में निवाई क्षेत्र के झिलाए गांव में सुबह दस बजे विवेकानन्द मॉडल स्कूल के प्रांगण में जनसभा को सम्बोधित करेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा भी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रियंका के दौरे के मद्देनजर गहलोत ने शुक्रवार शाम को कार्यक्रम स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी भी दी।