

SABGURU NEWS | तरनतारन पंजाब में तरनतारन जिले के मानोचाहल गांव में आज उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गयी जब गांव के गुरुद्वारा श्री जोगी पीर पर कब्जे को लेकर गांव के लोगों तथा निहंग सिंहों में टकराव के बाद गोलीबारी हुई जिसमें छह लोग जख्मी हो गए हैं तथा कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार विधि चंद सम्प्रदाय से संबंधित गुरुद्वारा जोगी पीर पर कुछ निहंग सिंहों ने कब्जा करने की कोशिश की जिसका गांव के लोगों द्वारा विराेध करने पर सिंहों ने गोलियां चला दी। इससे गुस्साए गांव के लोगों ने भी गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए। लोगों ने कब्जा करने आए सिंहों की दो गाड़ियों को भी जला दिया।
गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है जिस पर काबू पाने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है तथा करीब 12 लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के आमने-सामने डटे होने के कारण पुलिस ने पूरे गांव को घेरे में ले लिया है।
पुलिस ने अभी तक किसी पर भी कोई मामला दर्ज नहीं किया है।