Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
पटियाला में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में ग्यारह लोग अरेस्ट - Sabguru News
होम Chandigarh पटियाला में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में ग्यारह लोग अरेस्ट

पटियाला में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में ग्यारह लोग अरेस्ट

0
पटियाला में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले में ग्यारह लोग अरेस्ट

चंडीगढ़। पंजाब की पटियाला सब्जी मंडी में आज सुबह पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में निहंगों के एक धड़े ने गश्ती दल पर हमला करके एक एएसआई का हाथ काट दिया तथा कई अन्य घायल हो गए।

आईजी (पटियाला रेंज )जतिन्दर सिंह औलख तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंदीप सिंह सिद्धू की अगुवाई में इस घटना के बाद आरोपियों को काबू करने के लिए अभियान चलाया गया जिसके बाद एक महिला सहित ग्यारह लोगों को काबू किया गया। निहंग डेरा परिसर में गुरुद्वारा खिचड़ी साहिब भी है।

उन्होंने बताया कि अपराध करके भागे आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जब पुलिस गुरूद्वारा परिसर गई तो इन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा लेकिन ये नहीं माने तब जाकर पुलिस ने कार्रवाई करके इन्हें गिरफ्तार किया। इस दौरान एक निहंग घायल हो गया। उसे अस्पताल भर्ती कराया।

पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने बताया कि सनौर रोड़ की सब्ज़ी मंडी में तैनात पुलिस टीम पर घातक हमला करने वालों में पांच व्यक्ति शामिल थे। इन्होंने मंडी में आते समय कई बैरीकेड तोड़ कर पुलिसकर्मियों पर उस समय हमला किया जब उनसे कर्फ्यू पास पूछा था। पटियाला की सब्ज़ी मंडी में पुलिस पार्टी पर हमले को अंजाम देने वालों में निहंग प्रमुख बाबा बलविन्दर सिंह मुख्य तौर पर शामिल था। वह टाटा जेनन व्हीकल में अन्य चार व्यक्तियों के साथ मंडी में आया था।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने इस हमले की निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि राज्य में कोविड महामारी को फैलने से रोकने के लिए गत 23 मार्च से लागू कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। महामारी के बावजूद पुलिस के जवान लोगों की जान बचाने के लिए अपना जीवन जोखिम में डाल रहे हैं और इन पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने डीजीपी को इस कठिन समय में राज्य की कानून-व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खि़लाफ़ पूरी सख्ती से पेश आने के आदेश दिए। दिनकर गुप्ता ने बताया कि उनके कब्जे से दो पेट्रोल बमों और एलपीजी सिलंडरों के साथ बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं जिनमें बरछे, कृपाणों जैसे देसी हथियार और कुछ इस्तेमाल किए हुए कारतूस शामिल थे। इसके अलावा सुलफ़ा मिश्रित पांच भुक्की के बैग और व्यापारिक मात्रा वाले नशे और 39 लाख रुपए की नगदी भी मिली है। रासायनिक पदार्थों वाली बोतलें भी मिली हैं।

गुप्ता ने बताया कि हमले में जिस पुलिसकर्मी का हाथ काटा गया उसकी पीजीआई चंडीगढ़ में प्लास्टिक सर्जरी चल रही है ताकि हाथ जुड़ सके। इस हमले में तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। थाना सदर पटियाला के एसएचओ इंस्पेक्टर बिक्कर सिंह, एएसआई हरजीत सिंह एएसआई राज सिंह और एएसआई रघबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा मंडी बोर्ड के कर्मचारी एआर यादविन्दर सिंह भी हमले में घायल हो गए। सदर पटियाला में इन सभी के खिलाफ भादसं की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पटियाला : हमलावरों का पुलिस पार्टी पर हमला, एएसआई की बाजू काटी