
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के बछरांवा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक रामनरेश रावत का बीमारी के कारण दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया।
मूल रूप से बाराबंकी जिले के दौलतपुर निवासी 60 वर्षीय भाजपा नेता ने 2017 में 17वीं विधान सभा का चुनाव बछरावां से भाजपा के टिकट पर लड़ा था जिसमे जीत दर्ज करते हुए वह विधायक बने थे। साल 2022 विधानसभा चुनाव के समय से वह बीमार चल रहे थे।
इस वर्ष हुये विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) गठबंधन के कारण बछरांवा सुरक्षित सीट से भाजपा के राम नरेश रावत की जगह अपना दल के लक्ष्मीकांत को टिकट मिल गया था। बावजूद इसके बछरांवा सुरक्षित सीट से समाजवादी पार्टी ने बाजी मार ली और वहां से श्याम सुंदर भारती ने अपना दल उम्मीदवार को लगभग ढाई हजार से अधिक वोट मार्जिन से हराया था।
दिवंगत राम नरेश रावत के दो पुत्री और एक पुत्र अरुण रावत है। इनके पुत्र राजनीति में सक्रिय है और जिला बाराबंकी से भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री है। उन्होंने बताया कि उनके पिता लिवर की बीमारी से ग्रस्त थे जिनका निधन दिल्ली के एक अस्पताल में शनिवार और रविवार की रात दो बजे हो गया। भाजपा पूर्व विधायक एक मृदुभाषी और जनता के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से आसपास शोक की लहर है।