
अजमेर। राफेल खरीद मामले में सुप्रीमकोर्ट के रूख से उत्साहित सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
जिलाध्यक्ष अरविंद यादव की अगुवाई में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता पहले डाक बंगले में एकत्र हुए तथा बाद में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर कांग्रेस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया तथा बाद में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
यादव ने कहा कि 14 दिसम्बर को देश की शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में राफेल मुद्दे पर दाखिल करीब चार याचिकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि राफेल डील में पूरी पारदर्शिता बरती गई थी और अनुरूप राफेल का डील किया गया था। भाजपा तथा देश की जनता देश की शीर्ष अदालत का उसके निर्णय का सम्मान करती है।

उन्होंने बताया कि देश की शीर्ष अदालत के निर्णय से भारतीय जनता पार्टी तथा देश के प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की साफ नियत और सही विकास को प्रमाणिक किया है। गांधी देश को राफेल मुद्दे पर गुमराह कर रहे हैं।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद रासासिंह रावत, भाजपा विधायक देवनानी, महापौर धर्मेंद्र गहलोत, धर्मेश जैन, संपत सांखला, श्रीकिशन सोनगरा, पूर्व विधायक हरीश झामनानी समेत बडी संख्या में भाजपा पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।