

नयी दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत को दुश्मन के उपग्रह को अंतरिक्ष में ही मार गिराने की क्षमता हासिल कर दुनिया की चौथी अंतरिक्ष महाशक्ति बनाने के लिये भारतीय रक्षा अनुसंधान संगठन(डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
गांधी ने बुधवार को ट्वीट किया, “बहुत बढ़िया डीआरडीओ, आपके काम पर बेहद गर्व है। इससे पहले कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शक्ति अभियान की सफलता पर बधाई देते हुए कहा,“डीआरडीओ को बधाई। शक्ति अभियान की अाधारशिला संयुक्त प्रगतिशील गठबंठन-कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2012 में रखी थी।”
कांग्रेस नेता ने भारत को अंतरिक्ष महाशक्ति बनने का श्रेय प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को देते हुए कहा, “पंडित नेहरू और विक्रम साराभाई के सपनों के कारण भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में अग्रणी बना है। भारत के लिये यह गर्व का क्षण है।”