
उज्जैन। भारत जोड़ो यात्रा के उज्जैन पहुंचने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात विधानसभा के चुनाव से ठीक पहले बाबा महाकाल के दरबार में दंडवत होकर पूजा अर्चना की।
गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार शाम को भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच महाकाल के दरबार पहुंचे। दरबार में सुबह से ही उनकी यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के और ज्यादा बंदोबस्त किए गए थे।
मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सुरक्षाकर्मियों के साथ तालमेल करते हुए कुछ देर के लिए दर्शनार्थियों को भी दर्शन के लिए अंदर नहीं आने दिया। मंदिर परिसर में सुबह से गांधी के दर्शन के लिए आने की चर्चा का दौर चल रहा था और मंदिर के पुजारियों, कार्यकर्ताओं तथा मंदिर के बाहर दुकानें लगाने वाले लोग गांधी की यात्रा को लेकर बातें कर रहे थे।
गांधी ने मंदिर परिसर में बाबा का दुग्ध अभिषेक कर जलाभिषेक किया और धोती कुर्ता पहन कर बाबा के सामने दंडवत होकर पूजा अर्चना की। महाकाल के दर्शन के बाद उन्होंने यहां आयोजित एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।