Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
अपराधों पर राजनीतिक सुविधा वाली चुप्पी भी जघन्य अपराध : भाजपा - Sabguru News
होम Breaking अपराधों पर राजनीतिक सुविधा वाली चुप्पी भी जघन्य अपराध : भाजपा

अपराधों पर राजनीतिक सुविधा वाली चुप्पी भी जघन्य अपराध : भाजपा

0
अपराधों पर राजनीतिक सुविधा वाली चुप्पी भी जघन्य अपराध : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना पर विपक्ष की राजनीति की कड़ी निंदा करते हुए आज कहा कि दिल्ली की घटना पर हल्ला मचाना लेकिन महाराष्ट्र, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ की महिलाओं, दलितों आदिवासियों के उत्पीड़न की घटनाओं पर राजनीतिक सुविधा के हिसाब से चुप्पी साध लेना भी जघन्य अपराध है।

भाजपा के प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने आज पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली में नौ साल की बच्ची के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के मामले में की जा रही राजनीति पर विपक्ष पर करारा हमला करते हुए कांग्रेस एवं राहुल गांधी से कहा है कि बलात्कार पर राजनीति करना अच्छा नहीं है। कांग्रेस को दिल्ली में दलित की बच्ची से दुष्कर्म दिखाई देता है लेकिन कांग्रेस-शासित राज्यों में हो रहे दुष्कर्म पर वह चुप क्यों हो जाते हैं।

डॉ पात्रा ने कहा कि दिल्ली के नांगल गांव में जिस प्रकार एक नन्ही सी बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ, ये बहुत दुखद है, हम इसकी घोर निंदा करते हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से सजग होकर इसपर काम कर रही है,चार से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं। अनुसूचित जाति आयोग और संयुक्त पुलिस आयुक्त भी पीडिता के घर गए थे। लेकिन विपक्षी पार्टियों द्वारा महिला दुष्कर्म के मामलों में अगर राजनीति की जाए तो ये राजनीति का सबसे निम्न स्तर होता है।

उन्होंने कहा कि दुष्कर्म दुष्कर्म होता है। चाहे वो दिल्ली में हो, राजस्थान में हो, छत्तीसगढ़ में हो, या फिर महाराष्ट्र में हो। किसी राज्य के दुष्कर्म की घटना पर चिंता प्रकट करना और किसी राज्य की घटना पर चुप्पी ठान लेना, यह देखते हुए कि किस राज्य में किसकी सरकार है, यह भी अपने आप में एक जघन्य अपराध है।

डॉ पात्रा ने कहा कि पीड़िता के परिवार को जरूर न्याय मिलेगा। लेकिन क्या कांग्रेस बता सकती है कि वह राजस्थान अथवा अन्य कांग्रेस शासित राज्यों में होने वाली ऐसी ही घटनाओं पर चुप क्यों रहती है। क्या राहुल गांधी राजस्थान के पीड़ितों से मिलने गए, क्या प्रियंका गांधी ने उनकी सुध ली?

उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि दलित की बेटी हिंदुस्तान की बेटी है। इसमें कोई दो मत नहीं है। उसे न्याय मिलना ही चाहिए। लेकिन क्या राजस्थान की दलित बेटी, छत्तीसगढ़ की दलित बेटी और पंजाब में होशियारपुर के टांडा गांव की दलित बेटी, जिसके साथ जघन्य अपराध हुआ, क्या ये हिंदुस्तान की बेटियां नहीं हैं? क्या हम हिंदुस्तान को भी सरकार और राजनीति के हिसाब बांटकर दलितों की राजनीति आगे बढ़ाएंगे?

डॉ पात्रा ने कांग्रेस शासित राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र किया और राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ने राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के आंकड़ों के आधार पर विधानसभा में स्वीकार किया कि अभी छत्तीसगढ़ का बलात्कार में 10वां और अपहरण में 7वां स्थान है।

उन्होंने राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि एनसीआरबी के अनुसार राजस्थान बलात्कार के मामलों में पूरे देश में शीर्ष पर है। पिछले 6 महीनों में राजस्थान में बलात्कार के मामलों में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं पिछले एक महीने में 550 मामले बलात्कार के सामने आए। साल 2020 में राजस्थान में 13 हजार 750 बलात्कार की घटनाएं घटित हुईं। सिर्फ कोरोना काल में प्रदेश में, महिला अपराध का आंकड़ा 38 प्रतिशत तक बढ़ा है।

उन्होंने सवाल किया कि 26 जनवरी को नागौर में दलित महिला के साथ बलात्कार का मामला सामने आया, क्या राहुल गांधी ने ट्वीट किया या उस महिला के घर गए। अजमेर के रामगंज थाना अंतर्गत एक दलित महिला अपने ससुराल जा रही थी और रास्ते में रोककर उनके साथ दुष्कर्म किया, गांधी ने आवाज नहीं उठाई। 25 जुलाई को मामला सामने आया कि राजस्थान में बाड़मेर में दलित बाप बेटे के हाथ पैर तोड़े गालियां दी और पेशाब पिलाया गया, गांधी एक दिन भी उनके घर नहीं गए।

डॉ पात्रा ने कहा कि गहलोत सरकार ने विधानसभा सत्र में महिला अपराध पर हो रही चर्चा पर ये जवाब दिया था कि दलित महिलाएं बलात्कार के झूठे केस दर्ज कराती हैं। विधानसभा के पटल पर उन सारे एनजीओ पर उंगली उठाई गई थी, जो दलित अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने गांधी द्वारा पीड़ित बच्ची के माता-पिता की पहचान सार्वजनिक कर कानूनी प्रावधानों का घोर उल्लंघन किए जाने पर कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की ओर से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से निवेदन करते हैं कि गांधी द्वारा जिस प्रकार से विभिन्न कानूनों का उल्लंघन किया गया है उसे संज्ञान लेकर गांधी को नोटिस जारी किया जाए तथा गांधी अपना वो ट्वीट यथाशीघ्र डिलीट भी करें।