

बेंगलुरू। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्षी दलों के एकजुट होने का दावा किया और कहा कि कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनाएगी। विपक्ष के एक साथ आने से भाजपा की जीत तो दूर, नरेंद्र मोदी खुद बनारस से चुनाव हार जाएंगे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने चुनाव प्रचार के पहले चरण के अंतिम दौर में गांधी ने यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि हर विपक्षी दल का अपना एजेंडा है लेकिन अंत परस्पर सहमति के बाद भाजपा के खिलाफ संघर्ष के लिए एकजुट हो जाएंगे।
राहुल ने कहा कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और पंजाब में हम भाजपा को पीछे छोड़ देंगे। इस बार जैसी विपक्षी एकता आपने कई सालों से नहीं देखी होगी। कांग्रेस को पता है कि लोगों को कैसे जोड़ा जाता है। हम घमंडी नहीं हैं, हम लोगों को लड़ाते नहीं हैं, न ही उनकी जिंदगी बर्बाद करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जनता के बीच जिस तरह के वक्तव्य दे रहे हैं, उससे यही संकेत मिलता है कि इन नेताओं ने सब्र त्याग दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की तरह वह अपने भाषणों में कभी किसी नेता पर व्यक्तिगत हमले नहीं करते।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव विचारधाराओं की लड़ाई है। भाजपा राज्य में नागपुर से चलने वाली सरकार लाना चाहती है जबकि कांग्रेस विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है।
कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद अपने पहले चुनाव प्रचार में उतरने वाले गांधी ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को मौका देकर बदलाव की दिशा में बढ़ रही है। पार्टी अपनी नीतियों की रूपरेखा कृषि अर्थव्यवस्था और विशेषकर किसानों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है। इसके अलावा पार्टी लोगों के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को भी अपनी नीतियों में शामिल कर रही है।