

जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार को किसान रैली के जरिए आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे।
गांधी विद्याधर नगर स्टेडियम में दोपहर में आयोजित किसान रैली को संबोधित करेंगे। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली बार राजस्थान आ रहे गांधी इस रैली में राज्य सरकार द्वारा लिए गए किसानों का कर्जमाफी के निर्णय को उपलब्धी के रुप में पेश करेंगे।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस इस रैली में बड़ी संख्या में किसानों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाकर एक सकारात्मक संदेश देना चाहेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने जनता से किये वायदों के अनुसार किसानों का कर्ज माफी का निर्णय कर जनहित के कामों की शुरुआत कर चुकी है और रैली को लेकर किसानों में भारी उत्साह है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार रैली में दो लाख किसान एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना हैं। किसान रैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है और रैली के लिए भीड़ जुटाने के लिए प्रभारी मंत्री विभिन्न जिलों में लगे हुए हैं वहीं रैली की तैयारियों एवं व्यवस्था की गहलोत एवं पायलट खुद निगरानी कर रहे हैं।
पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस एक भी सीट हासिल नहीं कर पाई थी। हालांकि इसके बाद अजमेर एवं अलवर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत दर्ज करने के बाद माहौल पार्टी के पक्ष में बना और चौदहवीं विधानसभा में केवल इक्कीस सीट जीतने वाली कांग्रेस राज्य की पंद्रहवीं विधानसभा के लिए गत महीने हुए चुनाव में सरकार बनाने में सफल रही।
विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव में फिर से अपना दबदबा कायम करने के लिए मशक्कत शुरु कर दी हैं और राहुल की किसान रैली के लिए अपना चुनावी आगाज करेगी।
उल्लेखनीय है कि गांधी ने प्रदेश में गत महीने हुए विधानसभा चुनाव के लिए ग्यारह अगस्त को चुनाव अभियान की शुरूआत की थी और उसी तर्ज पर अब कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारी में उतर रही है।