Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
गहलोत सरकार के शासन में राजस्थान बना अपराधों की राजधानी : सतीश पूनियां - Sabguru News
होम Breaking गहलोत सरकार के शासन में राजस्थान बना अपराधों की राजधानी : सतीश पूनियां

गहलोत सरकार के शासन में राजस्थान बना अपराधों की राजधानी : सतीश पूनियां

0
गहलोत सरकार के शासन में राजस्थान बना अपराधों की राजधानी : सतीश पूनियां

-5 अक्टूबर को जिला केंद्रों पर हल्ला बोल

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने प्रदेश की गहलोत सरकार पर अपराध पर अंकुश नहीं लगा पाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके गत 20 महीनों के शासन में प्रदेश सर्वाधिक अपराध ग्रस्त राज्यों में शामिल होकर अपराधों की राजधानी बन गया है।

पूनिया ने आज सोशल मीडिया के जरिए कहा कि राज्य में महिलाओं के प्रति दरिंदगी बढ़ गई और अपराधी बेलगाम हो गए हैं। गत 20 महीनों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासन में राजस्थान सर्वाधिक अपराध ग्रस्त राज्यों में शामिल होकर अपराधों की राजधानी बन गया है। यह मात्र सियासी आरोप नहीं है, इनकी सबकी पुष्टि एनसीआरबी के आंकड़े करते हैं।

उन्होंने एनसीआरबी के अनुसार बताया कि वर्ष 2019 में देश में 32 हजार 260 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए उनमें सर्वाधिक 6051 राजस्थान से हैं जबकि उत्तर प्रदेश में 3131 एवं मध्यप्रदेश में 2490 दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ राजनीति करने के लिए सड़कों पर उतरना कांग्रेस की विशेषता है। न्याय से इनका कोई सरोकार नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री अपने ही प्रदेश में गृह मंत्री के नाते अपराधों पर नियंत्रण में पूर्णतया विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की अराजक गहलोत सरकार के खिलाफ पांच अक्टूबर को जिला केंद्रों पर हल्ला बोल कर प्रदर्शन करेंगी और राज्यपाल से राज्य की लचर कानून व्यवस्था की समीक्षा कर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।

विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने भी ट्वीट कर कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार महिलाओं एवं बेटियों पर दुष्कर्म, अपहरण, हत्या जैसी घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए कब जागेगी कांग्रेस सरकार। केंद्र द्वारा दिए जा रहे फंड को खर्च करने में भी राजस्थान में सरकार सुस्ती का रवैया अपना रही है।

उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के अनुसार देश में दुष्कर्म के सबसे ज्यादा मामले राजस्थान में है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास गृह विभाग भी हैं। आंकड़े बयां कर रहे हैं राजस्थान की कानून व्यवस्था, फिर भी कहा जा रहा है केन्द्रीय गृहमंत्री राजस्थान को आकर देखें। उन्होंने कहा कि आइने में राज्य की कानून व्यवस्था की तस्वीर दिखाई दे रही है।