
भीलवाड़ा। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का युवाओं के सुख दुख से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
प्रश्न पत्र लीक मामले में कांग्रेस नेता एक दूसरे पर ही आरोप प्रत्यारोप लगाकर क्या साबित करना चाह रहे हैं। यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि दो बड़े व्यक्ति है एक मुख्यमंत्री और एक पूर्व उप मुख्यमंत्री है। दोनों के बयानों में पेपर लीक मामले में विरोधाभाश है।
इससे यह समझ में आता है कि इनका राजस्थान की जनता से सुख दुख में कोई सरोकार नहीं है। एक तो कहते है कि अधिकारियों व नेताओं का कोई लेना नहीं है। दूसरे कहते है कि लीक कैसे हुआ। उन्हीं की पार्टी उन्हीं की सरकार वे प्रश्न किससे कर रहे हैं।
डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान की जनता जानना चाहती है कि प्रश्न पत्र लीक क्यों हुआ, किसने किया और उनके क्या सजा दी गई। इस मामले में फोरी तौर पर सियासी बयान और दिखावे के अलावा कुछ नहीं किया गया है। डा पूनियां ने कहा कि राजस्थान के इतिहास में इससे बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना नहीं हो सकती है। इस पाप के लिए कांग्रेस को जितनी सजा दी जाए उतनी कम है।