Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
किरण माहेश्वरी के निधन से भाजपा परिवार शोक से व्याकुल - Sabguru News
होम Rajasthan Jaipur किरण माहेश्वरी के निधन से भाजपा परिवार शोक से व्याकुल

किरण माहेश्वरी के निधन से भाजपा परिवार शोक से व्याकुल

0
किरण माहेश्वरी के निधन से भाजपा परिवार शोक से व्याकुल

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनियां ने राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज भाजपा परिवार शोक से व्याकुल है।

पूनिया ने कहा कि किरण माहेश्वरी जी का यूं चले जाना स्तब्ध कर गया, वो संभावनाओं वाली नेता थी। सदन में उनकी वाणी विपक्ष को निरूत्तर कर देती थी। उन्होंने कहा कि एक सफल जनप्रतिनिधि और संगठक के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत प्रभावी थी।

किरण के निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं- राजे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत क्षति हुई है।

राजे ने कहा कि श्रीमती माहेश्वरी के असामयिक निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं, दुःखी हूं। किरण का यूं अलविदा कह देना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति एवं परिजनों को सम्बल प्रदान करें।

गहलोत ने माहेश्वरी के निधन पर संवेदना व्यक्त की

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व मंत्री एवं राजसमन्द विधायक किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

गहलोत ने कहा कि स्व. किरण माहेश्वरी ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को हमेशा मुखरता से उठाया। उदयपुर नगर परिषद की सभापति से लेकर प्रदेश में केबिनेट मंत्री के रूप में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा दुःख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों को सहन शक्ति प्रदान करने की कामना की।

माहेश्वरी के निधन से भाजपा को अपूरणीय क्षति : कटारिया

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पूर्व मंत्री किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

कटारिया ने कहा कि माहेश्वरी ने एक महिला होते हुए भी जिस प्रकार से पार्टी के साथ जुड़ी और सक्रियता से मोर्चे की जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व निभाया, नगर परिषद के चुनाव में एक अलग ही वार्ड से खड़ा करके सभापति बनाया,कार्य के बल पर उस पर खरी उतरी। निश्चित रूप से उन्होंने संगठन को बहुत कुछ दिया और संगठन ने भी उन्हें बहुत कुछ दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा को निश्चित रूप से उनके निधन की वजह से अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि मैं अपनी ओर से दिव्य आत्मा को चिर शांति एवं परिवारजनों को यह दुखद बिछोह सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।