Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राज्य की कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है : सीपी जोशी - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer राज्य की कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है : सीपी जोशी

राज्य की कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है : सीपी जोशी

0
राज्य की कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है : सीपी जोशी

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने आज कहा कि राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार राहत शिविरों की नौटंकी कर रही है।

अजमेर में भाजपा की ओर से जन आक्रोश महाघेराव सभा को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस अब चुनावी मौके पर राहत शिविर की नौटंकी के जरिए एकबार फिर सत्ता हथियाने के मूड में है, लेकिन प्रदेश की जनता कांग्रेस के मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने साढ़े चार साल के दौरान किसानों का कर्जा माफ नहीं होने, बेरोजगारों को भत्ता नहीं मिलने तथा अन्य चुनावी वादे पूरे नहीं करने के आरोप लगाते हुए कहा कि साढ़े चार साल तक सोने वाली यह सरकार अब वोटों के लिए जाग रही है।

उन्होंने अजमेर के संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी के पैसों का सरकारी दफ्तरों के निर्माण का आरोप लगाया और कहा कि अजमेर की जनता पेयजल समस्या से ग्रसित है। कांग्रेस के राज में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिला अत्याचार के मुद्दे सिर उठाते रहे और इस गूंगी भैरी सरकार को कुछ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने तक चौन की नींद नहीं सोएगी और जनहित में उन्हें भी नहीं सोने देगी।

जोशी ने कलेक्टर अंशदीप को राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम का ज्ञापन दिया। उसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैने अपने जीवन में राजस्थान लोकसेवा आयोग में पहली बार भ्रष्टाचार देखा है जो कि सभी के लिए दुखदाई है।

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की रीट पेपर लीक परीक्षा के बाद बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारोली के टिप्पणी जिसमें उन्होंने कहा कि मैं तो मोहरा हूं इसकी कमान ऊपर तक जाती है, से स्पष्ट है कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।

इससे पहले सूचना केंद्र से जन आक्रोश सभा कर महाघेराव के तहत कलेक्ट्रेट पहुंची रैली को कलेक्ट्रेट पर बेरिकैडस लगाकर रोका गया तो भाजपा कार्यकर्ता खासकर युवा मोर्चा आक्रोशित हो गया और कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं द्वारा धक्का मुक्की एवं बैरिकेडिंग गिराने के बाद कुछ को साथ ले गई। आज के जन आक्रोश महाघेराव में सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, सुरेश सिंह रावत, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, ओंकार सिंह लखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, संभाग प्रभारी प्रसन्नचंद मेहता सहित अनेक भाजपाई उपस्थित रहे।

भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश : राठौड

राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने भाजपा के जन आक्रोश महाघेराव को फ्लॉप शो करार देते हुए कहा कि देश में भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश है।

अजमेर में आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए राठौड़ ने भाजपा की केंद्र सरकार पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरा देश कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के खिलाफ विरोधी लहर पैदा करने की कोशिश नाकामयाब होगी और आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी मामलों में देश में राजस्थान पहले नंबर पर है और वर्तमान में महंगाई राहत शिविर के जरिए दस जनकल्याणकारी योजना के माध्यम से गरीब वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है जिससे भारतीय जनता पार्टी हैरान व परेशान हैं। उन्होंने भाजपा पर अंतर कलह का भी आरोप जड़ा और कहा कि वहां मुख्यमंत्री के अनेक नेता दावेदार है।