Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
माउंट आबू में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ - Sabguru News
होम Headlines माउंट आबू में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

माउंट आबू में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

0
माउंट आबू में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

माउंट आबू। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग शिविर आज यहां शुरू हुआ। राज्य के सिरोही जिले में स्थित पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में ब्रह्माकुमारी संगठन के ज्ञानसरोवर अकादमी परिसर में शुरू हुए शिविर के पहले दिन कई सत्र हुए।

उदघाटन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के द्वारा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश प्रभारी अरूणसिंह, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राष्ट्रीय मुख्य संगठक वी सतीश एवं संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने किया।

उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. पूनिया ने जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। प्रशिक्षण वर्ग में जिन्होंने पार्टी के लिए विचार किया उन सभी को आज याद किया जाता है।

कटारिया ने कहा कि भाजपा ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की परिकल्पना को साकार किया। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्य संगठक वी. सतीश ने विचार परिवार के बारे में उदबोधन दिया।

इस अवसर पर शेखावत ने कहा कि यूपीए सरकार के समय देश की रक्षा पॉलिसी पैरालाईसिस हो चुकी थी। लेकिन अब केंद्र सरकार ने रक्षा यंत्रों की खरीद में आयात पर निर्भरता कम की है। वन रेंक वन पेंशन एवं तीनों सेनाओं में संयुक्त रूप से सीडीएस का पद रखने पर देश की सुरक्षा को मजबूती मिली है।

राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, प्रदेश में अनुसूचित, जनजाति पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, संगठित गिरोह चाहे भू माफिया, नकल गिरोह समेत सभी प्रकार अपराधिक गतिविधियों को बढ़ाने वालों को सरकार संरक्षण दे रही है, तुष्टीकरण की नीति के चलत अपराधियों में सरकार का बढ़ता विश्वास व आमजन में बढ़ता भय चिंता का विषय बन गया है।

अरुण सिंह ने कहा कि मोदी की जनकल्याणकारी योजनायें सबके सामने धरातल पर स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर हो रही हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष के अंत्योदय योजना के तहत अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ वर्ष की विकास की यात्रा ने राष्ट्र को गौरवान्वित किया।

शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी भाग लेंगे और वह 12 जुलाई को इसमें शिरकत कर अपना संबोधन देंगे। इससे पहले सोमवार को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अन्य नेता शिविर में भाग लेंगे।