
अजमेर। राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा है कि देश में राजस्थान हेल्थ मॉडल बन चुका है तथा प्रदेश की जनता स्वास्थ्य के प्रति अपने आप को ‘ सिक्योर फील कर रही है।
अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान में आज राजस्थान को नंबर वन बनाने के लिए 2030 के तहत कार्यक्रम में राठौड़ ने राजस्थान मिशन 2030 के लिए लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया।
अपने सम्बोधन में राठौड़ ने कहा कि देश के अंदर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का सबसे ज्यादा एवं बेहतर काम राजस्थान में हुआ है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीना ने चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण फैसले किए। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में आमजन का 25 लाख का बीमा किया जा रहा है और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। राजस्थान की जनता स्वास्थ्य के प्रति अपने आपको सिक्योर फील कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब डॉ रघु शर्मा चिकित्सा मंत्री थे तो उनके प्रयास पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर जेएलएन अस्पताल के विकास कार्य के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए का बजट जारी किया। इस बजट से हुए विकास कार्य से संभाग के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलना शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में राजस्थान हेल्थ का मॉडल बन चुका है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में सबसे पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू किया, भारत सरकार को भी अन्य राज्यों में ओपीएस लागू करना चाहिए, जिसकी मांग हम भारत सरकार से लगातार कर रहे हैं।