

जयपुर। राजस्थान में रंगों का त्यौहार होली शुक्रवार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। राजधानी जयपुर, स्मार्ट सिटी अजमेर सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोग होली के रंगों में रंगे रहे। इस दौरान अजमेर और जयपुर में विदेशी पर्यटकों ने भी होली के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया और गुलाल और अन्य रंग लगाकर होली खेली।
इसके लिए कई होटलों में खास व्यवस्था भी की गई। इस दौरान सिटी पैलेस, आमेर, जंतर मंतर, हवा महल, जल महल, नाहरगढ़ सहित अन्य कई स्थानों पर विदेशी पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली।
इस मौके लोगों ने एक दूसरे के रंग लगाया और मिठाई खिलाकर होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन, मंदिर, मुख्य बाजार एवं भीड़ भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए।
इस अवसर पर हमेशा की तरह इस बार भी अजमेर में तीर्थ स्थल पुष्कर में विदेशी पयर्टकों ने स्थानीय लोगों के साथ कपड़ा फाड़ होली खेली। कई सामाजिक संगठनों ने सामूहिक रूप से होली का आयोजन किेया। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने सेवा बस्तियों के वांशिदों के साथ रंगों के त्योहार का आनंद लिया। राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी होली का पर्व विभिन्न कार्यक्रमों एवं उल्लास के साथ मनाया गया।