
उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर के गोवर्धन थाना क्षेत्र में पुलिस ने पत्रकार रोहिणी सिंह को ट्वीटर पर दुष्कर्म एवं हत्या की धमकी देने के आरोप में एक युवक को आज गिरफ्तार कर लिया।
उदयपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि पत्रकार रोहिणी सिंह ने देश में किसान आंदोलन के बारे में अपना मत फेसबुक पर साझा किया था। इससे नाराज उदयपुर जिले के कपिल सिंह ने फेसबुक पर रोहिणी सिंह को दुष्कर्म एवं हत्या करने की धमकी दी थी।
सिंह ने बताया कि पत्रकार रोहिणी सिंह ने कपिल सिंह के खिलाफ उन्हें कल रात्रि को ट्वीटर पर इसकी शिकायत की साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी टेग किया था। इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कपिल सिंह मीणा को तलाश करके आज गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पत्रकार रोहिणी सिंह जिस प्रकार से किसान बिल के विरोध में सोशल मीडिया पर बेबाकी से राय रख रही थी उससे रुष्ट होकर उसने ट्वीट करके यह धमकी दी।
सिंह ने बताया कि कपिल सिंह एल एल बी द्वितीय वर्ष का छात्र है तथा छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़ा है। पुलिस ने उसका मोबाईल फोन जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।