Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान में बनेगा ‘लेबर एम्पलॉयमेंट एक्सचेंज‘ : अशोक गहलोत - Sabguru News
होम Breaking राजस्थान में बनेगा ‘लेबर एम्पलॉयमेंट एक्सचेंज‘ : अशोक गहलोत

राजस्थान में बनेगा ‘लेबर एम्पलॉयमेंट एक्सचेंज‘ : अशोक गहलोत

0
राजस्थान में बनेगा ‘लेबर एम्पलॉयमेंट एक्सचेंज‘ : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के कारण पैदा हुई स्थितियों के मद्देनजर प्रदेश में ऑनलाइन ‘लेबर एम्पलॉयमेंट एक्सचेंज‘ बनाया जायेगा ताकि लॉकडाउन के कारण संकट का सामना कर रहे श्रमिकों को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार मिल सके।

गहलोत ने आज मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे लॉकडाउन के कारण संकट का सामना कर रहे श्रमिकों को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार और उद्योगों को उनकी जरूरत के मुताबिक श्रमिक उपलब्ध हो सकेेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले एवं जाने वाले श्रमिकों तथा संनिर्माण श्रमिकों की ऑनलाइन मैपिंग की जाए।

उन्होंने कहा कि आपदा के इस दौर में श्रमिकों को संबल देना हमारा दायित्व है। इसे लेकर राज्य सरकार चिन्तित है वहीं उद्योगों को पटरी पर लाने के लिए श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। श्रम विभाग की इसमें बड़ी भूमिका है। विभाग इसके लिए वे सभी प्रयास करे, जिनसे पीड़ा झेल रहे इन श्रमिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि स्किल डवलपमेंट के नए प्रोजेक्ट डिजाइन किए जाएं, जिनसे वर्तमान जरूरतों के मुताबिक श्रमिकों का कौशल विकास हो सके।

उन्होंने कहा कि देशव्यापी लॉकडाउन के कारण बड़ी संख्या में राजस्थान में प्रवासी श्रमिक आए हैं और यहां से श्रमिक अन्य राज्यों में गए हैं। श्रम विभाग आने वाले श्रमिकों की योग्यता एवं उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करे, ताकि ये श्रमिक उद्यमों में नियोजित होकर अपनी आजीविका अर्जन कर सकें। साथ ही श्रमिकों की अनुपलब्धता के कारण बंद बड़ी औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो सके।

गहलोत ने कहा कि लॉकडाउन के कारण उद्योग जगत का पूरा परिदृश्य बदल गया है। साथ ही श्रमिकों के नियोजन की एक बड़ी चुनौती हमारे सामने है। ऎसे में समय की जरूरत के अनुसार श्रम कानूनों में परिवर्तन और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप श्रमिकों के हित में श्रम कानूनों में यथासम्भव सुधार करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रम विभाग की ज्यादा से ज्यादा योजनाओं एवं कार्यक्रमों को ऑनलाइन किए जाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रवासी राजस्थानी श्रमिकों के कल्याण के लिए बजट में घोषित ‘प्रवासी राजस्थानी श्रमिक कल्याण कोष‘ के गठन को भी मंजूरी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस कल्याण कोष के माध्यम से प्रवासी राजस्थानी श्रमिकों को उनकी जरूरत के अनुरूप आवश्यक मदद प्रदान की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीब, जरूरतमंद एवं श्रमिकों के कल्याण के लिए जो भी योजनाएं संचालित हैं, मुसीबत के इस समय में उनके माध्यम से हरसम्भव सहायता सुनिश्चित की जाए। श्रम विभाग भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार यह भी सुनिश्चित करे कि कोई उद्यमी श्रमिकों को नहीं हटाए और उनका वेतन नहीं काटे।

श्री गहलोत ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि विदेश से फ्लाइट के माध्यम से आने वाले हर यात्री का पीसीआर टेस्ट किया जाए, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा नहीं रहे। उन्होंने कहा कि विदेशों से दिल्ली आने वाले राजस्थान के यात्रियों को जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर एवं अजमेर लाकर भी उनके स्वयं के खर्चे पर क्वारेंटीन किया जा सकता है। इसके लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

श्रम राज्यमंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान सरकार श्रमिकों के आवागमन एवं उनके हितों को लेकर बेहतर ढंग से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि विभाग प्रवासी श्रमिकों के कौशल के अनुरूप उनका डाटाबेस तैयार करवा रहा है, ताकि उन्हें उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप रोजगार से जोड़ा जा सके। कौशल विकास राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि प्रदेश में आए श्रमिकों का राजस्थान राज्य आजीविका विकास निगम के माध्यम से कौशल विकास करवाया जाएगा।

श्रम विभाग के शासन सचिव नीरज के पवन ने बताया कि अब तक करीब 6 लाख श्रमिक राजस्थान आ चुके हैं और करीब एक लाख 35 हजार श्रमिक राजस्थान से जा चुके हैं। श्रम विभाग इनका डेटाबेस तैयार करवा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मैपिंग का कार्य पूरा होने के बाद राज्य आजीविका विकास निगम के माध्यम से इनका कौशल विकास करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में विभाग द्वारा प्रशिक्षित करीब 4 लाख लोगों की सूची उद्योग एवं स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करवाई गई है, ताकि उन्हें आवश्यकता के अनुरूप नियोजित किया जा सके।

यह भी पढें
मीडियाकर्मियों व मीडिया को राहत दे सरकार : JAR
मैंगलोर से 550 प्रवासी श्रमिकों को लेकर विशेष रेलगाड़ी पहुंची जालोर
मुंबई : क्वारेंटीन सेंटर में तब्दील होगा वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम
मणिपुर सरकार ने 185 नर्सों को पश्चिम बंगाल से वापस बुलाया
आत्मनिर्भर भारत योजना में कितना सफल हो पाएगा ग्रामीण क्षेत्र
कोरोना वायरस : दो-तिहाई समय में चीन के बराबर हुआ भारत का आंकड़ा