

बीकानेर | राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि राज्यस्थान में महिला अपराधों के बढ़ते ग्राफ से नारी जगत में खौफ का माहौल है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दुर्गादास व्यास के पिता गणेशदास व्यास के निधन पर शोक जताने आज बीकानेर आयीं राजे ने कहा कि प्रशासन की निरंकुशता से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य में राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में आए दिन भड़कते उन्मादों के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार हालात पर काबू करने में नाकाम हो चुकी है और माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के समय कानून व्यवस्था को लेकर आए दिन सड़कों पर उतरने वाली कांग्रेस के पास राज्य में फैली अराजकता को लेकर जवाब नहीं है।
राजे ने आरोप लगाया कि नेताओं की आपसी अंतर्कलह में उलझी कांग्रेस से राज्य में सत्ता संभल नहीं रही। जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में वह बोलीं कि वहां की जनभावनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने फैसला लिया है, इससे कश्मीर में खुशहाली आयेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव मेें हार का बदला कांग्रेस से लोकसभा चुनाव में ले लिया है।