
अजमेर। रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर शहर में दिन भर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। शहर के सीमावर्ती थानों की पुलिस दिन भर मुस्तैदी के साथ डटी रही। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर भी जीआरपी ने कडी नजर बनाए रखी।
रक्षाबंधन पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में पुलिस अलर्ट पर रही। आगामी तथा 15 अगस्त को स्वत्रंत्रता दिवस तक पुलिस चप्पे चप्पे पर तैनात रहेगी। शहर के सीमावर्ती सिविल लाइन थानाक्षेत्र में सुबह से ही पुलिस एक्शन में आ गई। जगह जगह बैरिकेड्स लगाकर संदिग्ध वाहनों को रोक कर तलाशी ली गई।
बस स्टेंड चौराहे पर हथियारबंद जवानों के साथ नवनियुक्त थानाधिकारी अरविंद चारण डटे नजर आए। चारण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप सिंह के आदेश के बाद बस स्टैंड के सामने नाकाबंदी की गई। इस मार्ग वाहनों की तलाशी के साथ ही एमवी एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही भी की गई।
उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार आमजन आराम से मनाए, बहनों के प्रमुख दिन कोई अप्रिय घटना ना हो तथा तथा कानून व्यवस्था बनी रहे इसलिए विशेष चौकसी बरती जा रही है।

पुलिसकर्मियों को दुर्गावाहिनी ने बांघी राखी
त्योहार के दिन आमजन की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूनी कलाई पर भी राखी सज गई। विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहनी से जुडी बहनों ने सामाजिक समरसता के पर्व रक्षाबंधन पर पुलिसकर्मियों, चिकित्साकर्मियों और स्वछता सैनिकों को रक्षा सूत्र बांध कर अभिनन्दन किया।
विहिप के विभाग मंत्री शशिप्रकाश इन्दोरिया ने बताया की हर साल की भांति इस रक्षाबंधन पर भी दुर्गावाहिनी से जुडी बहनों ने कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन थाना, अलवर गेट, महिला थाना पहुंच कर पुलिसकर्मियों की कलाईयों पर रक्ष सूत्र बांधे।
सिविल लाइन थानाधिकारी अरविन्द चारण सहित सभी स्टाफ़ को राखी बांधकर राष्ट्र रक्षा के लिए अभिनन्दन किया। इस अवसर पर विहिप के प्रान्त अधिकारी लेखराज सिंह राठौड़, सहमंत्री कैलाश सिंह भाटी, प्रान्त मातृशक्ति संयोजिका अलका गौड, महानगर संयोजिका नीना शर्मा, दुर्गा वाहनी महानगर संयोजिका पिंकी महावर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।