Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान : हर घर तक पहुंचेंगे संघ और विहिप कार्यकर्ता - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान : हर घर तक पहुंचेंगे संघ और विहिप कार्यकर्ता

राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान : हर घर तक पहुंचेंगे संघ और विहिप कार्यकर्ता

0
राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान : हर घर तक पहुंचेंगे संघ और विहिप कार्यकर्ता

अजमेर। राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान को अंतिम रूप देने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को मातृ मंदिर संघ कार्यालय में आयोजित की गई।

संघ के विभाग प्रचारक धर्मराज ने महानगर कार्यकारिणी के सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं से अजमेर महानगर में अभियान को लेकर समस्त बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि अजमेर के सम्माननीय नागरिक जो वर्तमान में विश्व के अन्य देशों में निवास करते हैं उनसे भी समर्पण स्वीकार करने का आग्रह कार्यकर्ता करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री प्रवासी संपर्क प्रमुख आनंद गोयल सभी प्रवासी बंधुओं से संपर्ककर समर्पण राशि स्वीकार करेंगे।

अभियान प्रमुख उमाशंकर ने बताया कि अजमेर शहर से एक लाख राशि से अधिक समर्पण प्रदान करने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई। जिसमें अजमेर के नागरिकों ने बढ़ चढ़कर भगवान राम के मंदिर में सहयोग और समर्पण प्रदान किया। अजमेर शहर से 300 गणमान्य नागरिकों ने एक लाख से अधिक राशि राम मंदिर निर्माण हेतु समर्पण के लिए प्रदान करने की सहमति दी है।

विश्व हिंदू परिषद के विभाग संयोजक शशि प्रकाश इंदौरिया ने बताया कि प्रत्येक नगर को 2 करोड़ रूपए मंदिर निर्माण में समर्पण स्वीकार करने का लक्ष्य समाज के माध्यम से तय किया गया है। कार्यकर्ता इसके लिए समस्त समाज के प्रत्येक व्यक्ति चाहे वह किसी भी वर्ग का हो, राम मंदिर निर्माण में सहयोग का आग्रह करेंगे और समाज अपनी क्षमता के अनुसार समर्पण राशि प्रदान करेगा।

अभियान के सह प्रमुख लेखराज सिंह राठौड़ ने बताया कि अजमेर के समस्त 11 नगरों में प्रमुख कार्यकर्ताओं को अभियान से संबंधित समस्त जिम्मेदारियां प्रदान की गई है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक अभियान से संबंधित समस्त सामग्री प्रचार टोली द्वारा नगर अभियान प्रमुखों को प्रदान कर दी जाएगी।

अभियान शहर प्रमुख लोकेंद्र दत्त मिश्रा ने बताया कि अभियान में समाज का प्रत्येक वर्ग समर्पण प्रदान कर सके इस हेतु 10 रुपए, 100 रुपए और 1000 रुपए के कूपन तैयार किए गए हैं साथ ही कार्यकर्ता 20000 रुपए से कम की राशि नगद रूप में प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यकर्ता समर्पण राशि प्रदान करने वाले व्यक्ति के हस्ताक्षर करवाकर रसीद प्रदान करेंगे। 20000 रुपए से अधिक की राशि प्रदान करने नागरिक बंधु चेक के माध्यम से ही अपनी राशि समर्पण के लिए प्रदान कर पाएंगे। इनकम टैक्स में छूट का प्रावधान केवल चेक से प्रदान की गई राशि पर ही होगा।

अभियान के प्रचार प्रमुख सीमांत भारद्वाज ने समाज से आग्रह किया कि समर्पण राशि के साथ 1 रुपए की राशि अवश्य प्रदान करें क्योंकि हमारी परंपराओं में 1, 11, 21, 51 के तहत एक को अतिरिक्त शुभ समझकर प्रदान किया जाता है।

महानगर प्रचार प्रमुख डॉक्टर संत कुमार ने बताया कि सभी प्रकार के कूपन के साथ एक सामान्य पत्रक संघ के कार्यकर्ता हर परिवार में बाटेंगे। रसीद प्राप्त करने वाले व्यक्ति को विशेष पत्रक प्रदान किया जाएगा। 2000 से 50000 रुपए तक समर्पण राशि प्रदान करने वाले समाज बंधुओं को छोटा चित्र प्रदान किया जाएगा।

50000 रुपए से 11 लाख तक की समर्पण राशि प्रदान करने वाले भामाशाह को ए4 साइज का लैमिनेटेड चित्र प्रदान किया जाएगा। इसी तरह 11 लाख से 25 लाख तक समर्पण राशि प्रदान करने वाले भामाशाह को टेबल बुक कैलेंडर और 25 लाख से अधिक समर्पण राशि प्रदान करने वाले भामाशाहों को फाइबर का मॉडल प्रदान किया जाएगा।

डॉ कुमार ने बताया कि प्रतिदिन संग्रहित राशि अगले दिन बैंक में आवश्यक रूप से जमा करानी होगी। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी प्रदान की गई है साथ ही बैंक में भी जमा कर्ता के पास एक विशेष कोड का प्रावधान रखा गया है उस कोड के माध्यम से ही बैंक में राशि जमा करवाई जा सकती है।