

नई दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र काडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी निधि चौधरी की ओर से महात्मा गांधीजी की हत्या करने वाले नाथू राम गोडसे की प्रशंसा करने के खिलाफ मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस से कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि पहले भारतीय जनता पार्टी सांसद प्रज्ञा ठाकुर, फिर पार्टी विधायक ऊषा ठाकुर और अब महाराष्ट्र से आईएएस अधिकारी निधि चौधरी ने गांधीजी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री फडणवीस को तत्काल, आईएएस अधिकारी पर कार्रवाई करनी चाहिए। बापू की 150वीं जयंती पर भाजपा गोडसे का महिमामंडन क्यों कर रही है?
निधि चौधरी ने अपने विवादित ट्वीट में महात्मा गांधी की हत्या की तारीख का जिक्र करते हुए उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे को धन्यवाद कहा था। अपने ट्वीट में निधि ने लिखा कि 150वीं जंयती को मनाने के पीछे क्या उम्मीद हो सकती है। यह सही वक्त है कि देश की करेंसी से उनकी तस्वीर हटाई जाए और उनके स्टेटस को भी दुनिया से हटाया जाना चाहिए। अब हमें एक सच्ची श्रद्धांजलि देने की जरूरत है… धन्यवाद गोडसे 30. 01.1948 के लिए।