

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह सिंघम स्टार अजय देवगन के साथ काम कर रोमांचित महसूस कर रहे हैं। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंबा में रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभायी है।
फिल्म 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। सिंबा में अजय देवगन कैमियो रोल में थे। अजय के साथ स्क्रीन शेयर करने पर रणवीर बेहद उत्साहित थे।
रणवीर ने कहा, “जब भी अजय आसपास होते थे मैं फैन ब्वाॅय की तरह बिहेव करता था। वह मेरे स्क्रीन आइडल में से एक हैं। आप उनके बारे में क्या कह सकते हैं। ऐसे इंसान से मुलाकात करना काफी शानदार है जो जमीन से जुड़े हैं और विनम्र हैं। वह बहुत रियल हैं। जब वह सेट पर आते हैं या जहां भी जाते हैं, सुपरस्टार होते हैं।”
रणवीर ने बताया, “अजय देवगन के साथ जुड़ना एक माइंड ट्रिप है। जैसे ही शॉट खत्म होता था मैं मॉनिटर की तरफ भागकर जाता था, शॉट देखता था और फिर वापस फ्रेम में जाता था। फिर मैं कहता था, ओ मैन ये तो बहुत रियल है। मैं और अजय देवगन साथ में? ये वाइल्ड था जो मेरे रोंगटे खड़े कर देता था।”