

भिंड । मध्यप्रदेश के भिंड जिले में एक युवक ने नौकरी का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीडित महिला ने अटेर थाने में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
अटेर पुलिस सूत्रों ने महिला के हवाले से बताया कि मिहोना निवासी आरोपी अमर सिंह बघेल 6 फरवरी को नौकरी दिलाने के बहाने महिला को अटेर लेकर आया। यहां उसने महिला को कई सरकारी विभागों में ले जाकर सरकारी अधिकारियों से मुलाकात की। उसके बाद उसने नौकरी का काम शाम तक होने का आश्वासन दिया।
महिला के मुताबिक इसके बाद आरोपी उसे अटेर किला घुमाने ले गया। यहां उसने महिला को धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी इसके बाद मौके से भाग गया। पीडित महिला के मुताबिक उसने बदनामी के डर से घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। 28 फरवरी को उसने यह बात परिजन को बताई तो उन्होंने थाने में अमर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया। आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।