Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
रेवती मोहन दास बने त्रिपुरा भाजपा के उपाध्यक्ष - Sabguru News
होम Tripura Agartala रेवती मोहन दास बने त्रिपुरा भाजपा के उपाध्यक्ष

रेवती मोहन दास बने त्रिपुरा भाजपा के उपाध्यक्ष

0
रेवती मोहन दास बने त्रिपुरा भाजपा के उपाध्यक्ष

अगरतला। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रेवती मोहन दास को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दास ने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

प्रतिमा भौमिक को हाल में हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में मोदी कैबिनेट में शामिल किए जाने के बाद पार्टी उपाध्यक्ष पद खाली हुआ था।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. माणिक शाह ने कहा कि दास एक अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं और अनुसूचित जाति समुदाय में उनकी मजबूत पकड़ है। उन्होंने बताया कि दास विधानसभा अध्यक्ष पद छोड़ना चाहते थे और पार्टी संगठन से जुड़ना चाहते थे, और अंतत: उन्होंने ऐसा किया।

दास ने हालांकि इस्तीफा देने की वजहों के बारे में बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह निजी मामला है। मैं इसके बारे में कुछ दिन बाद बताऊंगा। यह पूछेे जाने पर कि क्या वह पार्टी उपाध्यक्ष पद की अपनी नई जिम्मेदारी से खुश हैं और संगठन को लेकर उनकी क्या योजना है, उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि दास को विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने को कहा गया था क्योंकि वह सत्र के दौरान कार्यवाही का संचालन सुचारु रूप से नहीं कर पा रहे थे। इसके अलावा उनके खिलाफ कई आरोप पार्टी को मिले थे जिससे उनकाे विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देना पड़ा।