Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
cyclone fani live update : cyclone fani bites odisha, eight dead-ओडिशा के पुरी तट से टकराया चक्रवाती तूफान फोनी थोड़ा कमजोर पड़ा - Sabguru News
होम Odisha Bhubaneswar ओडिशा के पुरी तट से टकराया चक्रवाती तूफान फोनी थोड़ा कमजोर पड़ा

ओडिशा के पुरी तट से टकराया चक्रवाती तूफान फोनी थोड़ा कमजोर पड़ा

0
ओडिशा के पुरी तट से टकराया चक्रवाती तूफान फोनी थोड़ा कमजोर पड़ा

भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी तट से शुक्रवार सुबह टकराया बेहद भयंकर चक्रवाती तूफान फोनी शाम तक भले ही थोड़ा कमजोर पड़ गया हो लेकिन अब भी यह इतना ताकतवर है कि इसके प्रभाव से कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के छात्रावास की कांच की दीवार टुकड़े-टुकड़े हो गई।

फोनी ने ओडिशा के कई हिस्सों में भारी तबाही मचायी है। भुवनेश्वर, कटक, खुरदा, पुरी और राज्य के तटीय इलाकाें में लगातार भारी बारिश और तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गये, टेलीकॉम टावर और बिजली के खंबे गिर गये।

तेज हवाओं के कारण भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन की छत उड़ गयी। हाल ही में पुनर्निर्मित हुई कलिंगा स्टेडियम की छत भी क्षतिग्रस्त हुई है। खुरदा में हवा की रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है, बारिश जारी रहने का अनुमान है।

भुवनेश्वर और कटक में जल जमाव हो गया है तथा पुरी में संपर्क के स्रोत बुरी तरह प्रभावित हो गये हैं। भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन और बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है।

पुरी के पास के इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। पुरी और अन्य तटीय इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है। कई पेड़ उखड़ गये हैं और भुवनेश्वर समेत कुछ स्थानों पर झुग्गी बस्तियां पूरी तरह तहस-नहस हो गयी। कई स्थानाें पर सड़क संपर्क टूट गया है और बिजली ठप हो गयी है। तटीय ओडिशा में कई स्थानों पर भारी बारिश जारी है।

भुवनेश्वर से आधी रात से सभी उड़ानें रद्द कर दी गयी हैं। कोलकाता हवाई अड्डा आज अपराह्न तीन बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक बंद रहेगा। अब तक 83 यात्री ट्रेनाें समेत 140 ट्रेन का परिचालन रद्द किया जा चुका है।

भारतीय तटरक्षक बल के उप महानिरीक्षक एमए वारसी ने बताया कि फोनी जब ओडिशा से तट से टकराया था, तब 190 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थी। तट रक्षक बल को अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि मौसम अब भी खराब है, भारी बारिश हो रही है और बेहद तेज हवाएं चल रही हैं।

वारसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल पहुंचने के बाद यह तूफान उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा की ओर मुड़ेगा और हम लगातार इस पर नजर रखे हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग के कोलकाता स्थित कार्यालय ने हमें बताया है कि हम फोनी का प्रभाव शाम तक देख पाएंगे। उन्होंने यह अनुमान भी जारी किया है कि पश्चिम बंगाल में 90-100 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

तटीय ओडिशा और आसपास के जिलाें में कई स्थानों पर हल्की बारिश, कुछ जगहों पर मूसलाधार तथा कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य में ज्यादातर स्थानों पर शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बालेश्वर और मयूरभंज जिलों के दूरदराज के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक के जे रमेश ने बताया कि 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दिन भर तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही। उन्होंने बताया कि शाम होने तक तूफान थोड़ कमजोर पड़ गया था और इसके शनिवार शाम तक बंगलादेश पहुंचने का अनुमान है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव प्रीती सूदन ने बताया कि फोनी के कारण भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के भवन को भारी क्षति पहुंची है, लेकिन सभी मरीज, कर्मचारी और छात्र सुरक्षित हैं।

पानी की कई टंकिया ढह गई, बिजली के खंबे उखड़ गए और एयर कंडीशनर क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने कहा कि हम राज्य के लोगों की मदद के लिए पूरी तरह तैयार हैं। संसाधनों की कोई कमी नहीं है।

नालाबना पक्षी विहार, बालूखंडा वन्यजीव अभयारण्य, नंदनकानन प्राणि उद्यान और भीतरकर्णिका वन्यजीव अभयारण्य समेत सभी वन्य जीव अभयारण्यों में भी तूफान से बर्बादी हुई है। पारादीप स्थित ‘सी एक्वेरियम’ में चक्रवाती तूफान से बचने के लिए बनाए गए आश्रय गृहों में खाद्य सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है।

फोनी की राह में कम से कम 14 जिले आ रहे हैं जिनमें गजपति, गंजम, खुर्दा, पुरी, नयागढ़, कटक, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज, ढेंकनाल और क्योंझर शामिल हैं। इन जिलों पर तूफान का सबसे बुरा प्रभाव पड़ने की आशंका है। ओडिशा सरकार ने पिछले 24 घंटों में लगभग 11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानाें पर भेजा है।

आश्रय गृहों में रहने वाले लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए लगभग 5000 रसोईघर बनाये गए हैं। इस बीच देश के सबसे बड़ी ईंधन विक्रेता कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने बताया कि उसने पेट्रोल, डीजल, विमान ईंधन और रसोई गैस सिलिंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।