

पटना। बिहार में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को शिवानंद तिवारी के रूप में बड़ा झटका लगा है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने पार्टी से अपना पद छोड़ दिया है। उन्होंने मंगलवार को फेसबुक पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि थकान महसूस कर रहा हूं। शरीर से ज्यादा मन का थकान है। संस्मरण लिखना चाह रहा था, वह भी नहीं लिख पा रहा हूं। इसलिए जो कर रहा हूं, उससे छुट्टी लेना चाहता हूं। शिवानंद के इस पोस्ट को राजनीतिक गलियारों में कई मतलब निकाले जा रहा है।
हालांकि उन्होंने राजद (RJD) छोड़ने से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि वह पार्टी छोड़ नहीं रहे, केवल राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहेंगे। सूत्रों का यह भी कहना है कि तिवारी इन दिनों राजद नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं।