Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रवक्ता एमजी वैद्य का नागपुर में निधन - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रवक्ता एमजी वैद्य का नागपुर में निधन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रवक्ता एमजी वैद्य का नागपुर में निधन

0
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रवक्ता एमजी वैद्य का नागपुर में निधन

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व प्रवक्ता एमजी वैद्य का लंबी बीमारी के शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 97 वर्ष के थे। एमजी वैद्य पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, जिसके कारण उन्हें नागपुर के स्पंदन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एमजी वैद्य कुछ दिन पहले कोरोना वायरस संक्रमण के शिकार हुए थे। हालांकि, उन्होंने कोरोना संक्रमण को मात दे दी थी। वह एक पत्रकार, पूर्व एमएलसी, संस्कृत विद्वान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आधिकारिक प्रवक्ता थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को अंबाझरी घाट पर किया जाएगा।

नितिन गडकरी ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ स्वयंसेवक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ संपादक और विचारक। वैद्यजी को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। वैद्यजी को सभी सरसंघ चालकों के साथ पूज्य गुरुजी के साथ काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और उनसे निकटता का अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि संघ के वैचारिक गठन में वैद्यजी का बहुत बड़ा योगदान है। अंतिम सांस तक वह हमारी विचारधारा के लिए समर्पित रहे। नागपुर तरुण भारत के संपादक के रूप में पत्रकारिता में उनका योगदान हमेशा सभी पत्रकारों के लिए एक प्रेरणा स्रोत होगा। विदर्भ में जनसंघ के गठन में उनका बड़ा योगदान है। विधान परिषद के सदस्य के रूप में उनका करियर हमेशा सभी जनप्रतिनिधियों के लिए एक आदर्श होगा।

गडकरी ने कहा कि मेरा बचपन से वैद्यजी से व्यक्तिगत और करीबी रिश्ता रहा। मुझे हमेशा उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिला है। वास्तव में, वैद्य जी सौ साल जिएंगे, यह दृढ़ विश्वास था, लेकिन नियति के मन में कुछ अलग था। यह बहुत दुखद है कि एक तेज औद समृद्ध व्यक्तित्व हमसे दूर चला गया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जताया शोक

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने प्रख्यात समाजसेवी और राष्ट्रवादी लेखक माधव गोपाल वैद्य के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। नायडू ने रविवार देर शाम यहां जारी एक संदेश में कहा कि वैद्य के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। नायडू ने कहा कि वयोवृद्ध समाज सेवी, प्रबुद्ध राष्ट्रवादी लेखक माधव गोपाल वैद्य जी के निधन का समाचार पा कर दुखी हूं। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपना आशीर्वाद दें। ओम शान्ति!

शिवराज ने माधव गोविंद बाबूराव वैद्य के निधन पर शोक जताया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचार प्रमुख माधव गोविंद बाबूराव वैद्य के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

चौहान ने अपने ट्वीट के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धेय माधव गोविंद बाबूराव वैद्य जी ने राष्ट्र की प्रगति व समाज के उत्थान के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। राष्ट्र नवनिर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। आज राष्ट्र ने अपना एक रत्न खो दिया है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

चौहान के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी शोक व्यक्त की और कहा कि आरएसएस के प्रथम अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख, वरिष्ठ स्वयंसेवक, पत्रकार एवं विचारक माधव गोविंद वैद्य जी के निधन पर भावपूर्ण नमन। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दे।

प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी ट्वीट कर शोक जताया और कहा कि आरएसएस के विचारक और प्रचारक श्रद्धेय माधव गोविंद वैद्य जी के निधन की सूचना से मन व्यथित है। राष्ट्रसेवा में आपका योगदान हम सभी के लिए सदा प्रेरणादायी रहेगा। ईश्वर दिवंगत ‌आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।