Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बाबरी मस्जिद विवादित ढांचा विध्वंस पर कोर्ट के फैसले का RSS, VHP ने किया स्वागत - Sabguru News
होम Breaking बाबरी मस्जिद विवादित ढांचा विध्वंस पर कोर्ट के फैसले का RSS, VHP ने किया स्वागत

बाबरी मस्जिद विवादित ढांचा विध्वंस पर कोर्ट के फैसले का RSS, VHP ने किया स्वागत

0
बाबरी मस्जिद विवादित ढांचा विध्वंस पर कोर्ट के फैसले का RSS, VHP ने किया स्वागत

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने बुधवार को बाबरी मस्जिद का विवादित ढांचा ध्वस्त मामले में सभी आरोपियों को बरी करने के केन्द्रीय जांच ब्यूरो की विशेष अदालत के फैसले का स्वागत किया।

आरएसएस के महासचिव भैयाजी जोशी ने ट्वीट किया कि विवादास्पद ढांचे के ढहाने के मामले में सभी आरोपियों को बरी करने के सीबीआई की विशेष अदालत के फैसला का आरएसएस स्वागत करता है।

फैसले के बाद समाज के सभी वर्गों को एकता और सौहार्द में एक साथ आगे आना चाहिए और देश के सामने खड़ी चुनौतियों का सामना करने तथा देश की प्रगति के लिए सफलतापूर्वक काम करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ में सीबीआई की विशेष अदालत ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी तथा मुरली मनोहर जोशी समेत इस मामले के सभी 32 आरोपियों को यह कहते हुए बरी कर दिया कि उनके खिलाफ कोई निर्णायक सबूत नहीं है।

अदालत का फैसला सत्य और न्याय की जीत : विहिप

विश्व हिंदू परिषद् के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराने से संबंधित आपराधिक मुकदमे का फैसला सत्य और न्याय की विजय है।

उन्होंने कहा कि अदालत को फैसला देने में 28 साल लग गए, इस दौरान राम भक्तों ने इन झूठे मुकदमों का 28 सालों तक धैर्य और साहस के साथ सामना किया।

कुमार ने कहा कि वह उन 17 लोगों का पुण्य स्मरण करते हैं, जिनका इस मुकदमे के दौरान निधन हो गया। इनमें अशोक सिंघल, महंत अवैद्यनाथ, परमहंस रामचन्द्र दास, राजमाता विजया राजे सिंधिया, आचार्य गिरिराज किशोर, बाल ठाकरे, विष्णुहरी डालमिया और बैकुण्ठ लाल शर्मा जैसे नाम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने पूर्व के आदेश में यह कहा था कि अयोध्या की सम्बंधित भूमि श्रीरामलला विराजमान की ही है। आज के निर्णय ने षड़यंत्र के आरोपों को ध्वस्त कर दिया है। अब समय आ गया है कि राजनीति से ऊपर उठकर और पीछे देखने की बजाय संगठित और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ा जाए।

कुमार ने कहा कि विहिप हमेशा से श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण, समरस समाज की स्थापना, अनुसूचित जाति-जनजाति और आर्थिक रूप से पिछड़े अन्य वर्गों की उन्नति के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि विहिप मंदिर और उनकी सम्पत्तियों की रक्षा के लिए भी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

बाबरी ढांचा विध्वंस : आडवाणी, जोशी कल्याण सिह समेत सभी 32 आरोपी बरी