Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
सचिन पायलट पार्टी के वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेता हैं : अजय माकन - Sabguru News
होम Breaking सचिन पायलट पार्टी के वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेता हैं : अजय माकन

सचिन पायलट पार्टी के वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेता हैं : अजय माकन

0
सचिन पायलट पार्टी के वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेता हैं : अजय माकन

जयपुर। कांग्रेस के राजस्थान में प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पार्टी के उच्च नेताओं द्वारा तवज्जो न देने को गलत बताते हुए कहा कि पायलट पार्टी के वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेता हैं।

माकन ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में पायलट को पार्टी नेतृत्व द्वारा मिलने का समय नहीं देने की बात निराधार है। वह पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। ऐसे नेता किसी से मिलना चाहें और वह समय न दे, यह नामुमकिन है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी 10 दिन से दिल्ली में नहीं हैं, लिहाजा वह पायलट से कैसे मिलतीं। माकन ने कहा कि प्रियंका गांधी से उनकी और वेणुगोपाल की बात हुई है। हम सभी पायलट से बात कर रहे हैं। पायलट समय मांगें और प्रियंका उनसे मिले नहीं, यह संभव नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों को समझ लेना चाहिए कांग्रेस का जन्म त्याग और बलिदान से हुआ है। मंत्रिमंडल में नौ जगह खाली हैं, कई राजनीतिक नियुक्तियां होना हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बात करके अच्छे लोगों की नियुक्तियां की जाएंगी।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार माकन के बयान के बाद पायलट को किनारे लगाए जाने की चर्चा पर फिलहाल विराम लग गया है। इससे स्पष्ट है कि फिलहाल पायलट गहलोत खेमे के लिए चुनौती बने रहेंगे।