

उत्तर प्रदेश। देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू होने के बाद गणतंत्र दिवस पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने उन विरोधियों को नसीहत दी है जो इस कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर संघ प्रमुख भागवत उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक मोहन भागवत ने गणतंत्र दिवस के मौके पर नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे लोगों को इशारों ही इशारों में नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को राजा बनाया है। राजा के पास अधिकार हैं लेकिन अधिकारों के साथ सब अपने कर्तव्य और अनुशासन का भी पालन करें।
हमारे संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को राजा बनाया है
मोहन भागवत ने रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोरखपुर के बिलन्दपुर खत्ता स्थित नगर निगम मैदान में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रगान के बाद भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा, संविधान ने देश के हर नागरिक को राजा बनाया है। राजा के पास अधिकार हैं लेकिन अधिकारों के साथ सब अपने कर्तव्य और अनुशासन का भी पालन करें। तभी देश को स्वतंत्र कराने वाले क्रांतिकारियों के सपनों के अनुरूप भारत का निर्माण होगा।
क्षेत्रीय स्वयंसेवकों और प्रचारकों का किया मार्गदर्शन
संघ प्रमुख मोहन भागवत पिछले 3 दिन से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हैं। वह यहां पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय प्रचारकों के साथ बैठक कर पूरे साल भर के कार्यक्रम का खाका तैयार कर रहे हैं। पिछले दो दिनों की बैठक में पहले दिन सह सरसंघचालक दत्तात्रेय होशबोले ने कुटुम्ब प्रबोधन और सामाजिक समरसता पर वक्तव्य दिया था। दूसरे दिन सर संघचालक मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों और प्रचारकों का मार्गदर्शन किया था।
आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर मोहन भागवत ने तिरंगा झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में आए छात्र छात्राओं और स्वयंसेवकों को संबोधित किया। यहां हम आपको बता दें कि संघ प्रमुख भागवत आरएसएस पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की पांच दिवसीय बैठक के लिए संघ प्रमुख 23 जनवरी से गोरखपुर में हैं।
शंभू नाथ गौतम, वरिष्ठ पत्रकार