

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजसमंद की जनसभा में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि क्या कांग्रेस को वोट देने से ही न्याय मिलेगा।
पूनियां ने आज गहलोत पर मतदाताओं को धमकाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस को वोट देने से ही न्याय मिलेगा, क्या कांग्रेस को वोट देने से ही अधिकारी-कर्मचारी दौड़ दौड़ कर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि गहलोत को इस तरह मतदाताओं को धमकाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव वाले तीनों स्थानों पर भाजपा प्रत्याशी जीतेंगे भी और जनता को न्याय भी दिलवाएंगे।
डॉ. पूनियां ने कहा कि मुख्यमंत्री को उपचुनावों में कांग्रेस की हार दिख रही है, राज्य सरकार के सवा दो साल के कार्यकाल में प्रदेश में विकास के कार्य नहीं हुए हैं। सरकार ने ना किसानों का कर्जा माफ किया, ना बेरोजगार युवाओं को भत्ता मिल रहा है और नियमितीकरण का वादा पूरा नहीं कर संविदाकर्मियों के साथ भी वादाखिलाफी की है।
उन्होंने कहा कि ज्यादातर भर्तियां लंबित हैं, प्रदेश में कहीं भी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, और खुद मुख्यमंत्री वादों को पूरा करने के बजाय मतदाताओं को धमकाने का कार्य कर रहे हैं, जो निंदनीय है।
उल्लेखनीय है कि गत 30 मार्च को गहलोत ने राजसमंद में कांग्रेस रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि, अगर आप कांग्रेस का साथ दोगे तो अधिकारी भी समझ जाएंगे कि जनता सरकार के साथ खड़ी है, तो वो दौड़-दौड़कर काम भी करेंगे, आपको न्याय दिलाएंगे, आपको मान-सम्मान देंगे।