Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नहीं रहे युवा पत्रकार रोहित सरदाना, मोदी-काेविंद ने जताया शोक - Sabguru News
होम India City News नहीं रहे युवा पत्रकार रोहित सरदाना, मोदी-काेविंद ने जताया शोक

नहीं रहे युवा पत्रकार रोहित सरदाना, मोदी-काेविंद ने जताया शोक

0
नहीं रहे युवा पत्रकार रोहित सरदाना, मोदी-काेविंद ने जताया शोक

नई दिल्ली। टीवी चैनल ‘आज तक’ के वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का शुक्रवार को कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया। वह 42 वर्ष के थे।

‘आज तक’ में कार्यकारी संपादक सरदाना की 24 अप्रैल को कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। करीब छह दिनों से उन्हें बुखार और कोरोना के अन्य लक्षण थे जिसकी वजह से उन्होंने कई टेस्ट करवाए थे। आरटीपीसीआर टेस्ट निगेटिव आया लेकिन सीटी स्कैन से कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उनकी मौत हो गई।

सरदाना के निधन की जानकारी देते हुए ‘इंडिया टुडे’ का एंकर अपने आंसू रोक नहीं पाया। उसने रुंधे गले से कहाकि हमारे सहयोगी और हमारे दोस्त के असमायिक निधन से हम स्तब्ध हैं। इस अपूरणीय क्षति का और उनके जाने से जो रिक्तता आई है उसका शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आइए, उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की मौन प्रार्थना में हम शामिल हों।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले सरदाना ने ‘आज तक’ के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘दंगल’ समेत कई कार्यक्रमों का संचालन किया। इस चैनल से पहले वह ‘जी न्यूज’ में थे। बेहतरीन पत्रकारिता के लिए वर्ष 2018 में उन्हें गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।

सरदाना के निधन की खबर से मीडिया जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने युवा पत्रकार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

कोविंद ने ट्वीट करके अपने शोक संदेश में कहा कि लोकप्रिय न्यूज़ एंकर तथा वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका असामयिक निधन पत्रकारिता जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सरदाना के परिजनों और प्रशंसकों को मेरी शोक संवेदनाएं।

मोदी ने पत्रकार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि रोहित सरदाना हमें बहुत जल्दी छोड़ गए। ऊर्जा से भरे, भारत की प्रगति के लिए उत्साहित, रोहित को अनेक लोग याद करेंगे। उनके असमय जाने से मीडिया की दुनिया में रिक्तता आई है। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

शाह ने अपने शोक संदेश में कहा कि रोहित सरदाना के असामयिक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। देश ने एक बहादुर पत्रकार खो दिया है, जो हमेशा निष्पक्ष और निष्पक्ष रिपोर्टिंग करता था। भगवान उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।

नड्डा ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रसिद्ध मीडिया पत्रकार रोहित सरदाना जी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। रोहित का जाना पत्रकारिता समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।ॐ शांति।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरदाना के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि वरिष्ठ टीवी पत्रकार रोहित सरदाना जी के निधन की दुखद ख़बर स्तब्ध कर देने वाली है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को ये दुख सहने का साहस दें।

‘जी न्यूज’के प्रधान संपादक सुधीर चौधरी ने एक ट्वीट के जरिए रोहित सरदाना के असामयिक निधन की जानकारी दी। चौधरी ने ट्वीट किया कि अब से थोड़ी पहले जितेंद्र शर्मा का फोन आया। उसने जो कहा, सुनकर मेरे हाथ कांपने लगे। हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की खबर थी। ये वायरस हमारे इतने करीब से किसी को उठा ले जाएगा, ये कल्पना नहीं की थी। इसके लिए मैं तैयार नहीं था। यह भगवान की नाइंसाफी है। ॐ शान्ति।