

नई दिल्ली। मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। सिन्हा ने आज कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीपसिंह सुरजेवाला तथा बिहार के पार्टी प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सिन्हा भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर 2014 में लोकसभा पहुंचे थे और वह काफी समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज़ चल रहे थे।
पिछले महीने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सिन्हा ने उनके आवास पर यह मुलाकात की थी और तभी से ही उनका कांग्रेस में शामिल होना तय माना जा रहा था। उसके बाद उन्होंने खुद तय किया था कि वह नवरात्र की शुरुआत में 6 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे।