Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Shivraj Singh Chauhan gave the resignation letter - शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से दिया त्यागपत्र - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से दिया त्यागपत्र

शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से दिया त्यागपत्र

0
शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से दिया त्यागपत्र
Shivraj Singh Chauhan gave the resignation letter
Shivraj Singh Chauhan gave the resignation letter
Shivraj Singh Chauhan gave the resignation letter

भोपाल । मध्यप्रदेश के पंद्रहवें विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पराजय की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया।

चौहान लगभग सवा ग्यारह बजे राजभवन पहुंचे और अपना त्यागपत्र सौंप दिया। त्यागपत्र सौंपने के बाद राजभवन के बाहर चौहान ने पत्रकारों से कहा कि अब वे मुक्त हो गए हैं। चुनाव में जनता ने भाजपा को कांग्रेस की तुलना में ज्यादा वोट दिए, लेकिन संख्या बल के आगे वे नतमस्तक हैं और अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।

चौहान ने कहा कि भाजपा की पराजय की जिम्मेदारी सिर्फ और सिर्फ उनकी है। इसलिए भाजपा ने सरकार के गठन का दावा पेश नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके पहले चौहान मुख्यमंत्री निवास में चुनाव नतीजों के बाद पहली बार पत्रकारों से मुखातिब हुए और कहा कि वे अपना त्यागपत्र देने राजभवन जा रहे हैं।

राज्य में नवंबर दिसंबर 2003 में भाजपा की सरकार बनी थी। उस समय मुख्यमंत्री उमा भारती बनीं। भारती के स्थान पर वर्ष 2004 के मध्य में बाबूलाल गौर मुख्यमंत्री बने। गौर को नवंबर 2005 में राजनैतिक कारणों के चलते पद छोड़ना पड़ा और उसके बाद से चौहान ने इस राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी। चौहान तेरह वर्षों से अधिक समय तक लगातार इस राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनके नाम पर राज्य में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का कीर्तिमान दर्ज है। उसके पहले श्री दिग्विजय सिंह दस वर्षों तक लगातार राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे।