

अबुजा। नाइजीरिया के दापची शहर में पिछले माह आतंकवादी संगठन बाेको हराम ने जिन 110 लड़कियों का अपहरण किया था उनमें से ज्यादातर लड़कियां बुधवार को घर लाैट आई लेकिन एक लड़की अब भी आतंकवादियों के कब्जे में है।
चश्मदीदों ने बताया कि बोको हराम के आतंकवादी सुबह ट्रकों में लड़कियों को लेकर आए और उन्हें छोड़कर चले गए। वापस आई लड़कियों मेें से एक खदीजा ग्रेमा ने बताया है कि उनमें से पांच लड़कियाें की इस दौरान मौत हो गई और एक लड़की अब भी बोको हराम के कब्जे में है क्योंकि वह ईसाई है।
आतंकवादियों के कब्जे से छूटी एक अन्य लड़की हदीजा मोहम्मद ने भी एक ईसाई लड़की के उनके कब्जे में होने की जानकारी दी। उस लड़की ने इस्लाम धर्म अपनाने से इन्कार कर दिया जिसके कारण उसे छोड़ा नहीं गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार 19 फरवरी को अगवा की गयी 110 में से 100 से अधिक लड़कियां लौट आयी हैं जबकि सरकार ने कहा है कि एक प्रक्रिया के तहत 76 लड़कियों को रिहा कराया गया है। सूचना मंत्री लाई मोहम्मद ने बताया कि सरकार ने पड़ोसी देशों की मदद और अन्य प्रयासों से इन लड़कियों को छुड़ाने में कामयाबी हासिल की है।
गौरतलब है कि बोको हराम ने 2014 में 270 लड़कियों काे अगवा किया था। इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा हुई थी। बाद में संगठन ने उन लड़कियों के एवज में बड़ी रकम लेकर उन्हें मुक्त कर दिया था।