
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद मुंबई में फंसे प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए आगे आए हैं और उनके लिए परिवहन की व्यवस्था की है।
सोनू ने लॉकडाउन के कारण मुंबई में फंसे प्रवासी मजदूरों के परिवहन के लिए बसों की व्यवस्था की है। सोनू सूद ने प्रवासी मजदूरों की यात्रा और भोजन का पूरा खर्चा उठाया। सोनू सूद ने कहा कि उनका मानना है कि इस वैश्विक संकट के समय में हर भारतीय को उसके परिवार के साथ रहने का अधिकार है और इसलिए उन्होंने राज्य सरकार से अनुमति लेकर प्रवासियों को उनके घर जाने में मदद की।
सोनू सूद ने कहा कि दस्तावेजीकरण से लेकर पूरी प्रक्रिया में महाराष्ट्र सरकार के अधिकारी काफी मददगार साबित हुए और कर्नाटक सरकार ने भी तहेदिल से प्रवासियों का उनके गृहराज्य में स्वागत किया।
सोनू सूद ने इससे पूर्व पंजाब और मुंबई के डॉक्टरों को 1,500 पीपीई किट भी दान किए हैं साथ ही वे रमजान के पाक महीने में भिवंडी इलाके के जरुरतमंद लोगों को भोजन भी करा रहे हैं।