
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर कस्बे में आज अज्ञात बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप मालिक की पत्नी की घर में घुसकर नृशंस हत्या कर दी और लूटपाट कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीविजयनगर में एक पेट्रोल पंप के मालिक राजेंद्र बजाज की पत्नी उषा (50) घर में अकेली थी। दोपहर को अज्ञात बदमाश घर में घुसे और हत्या कर लगभग ढाई लाख की नकदी और बड़ी मात्रा में सोने के गहने लूट कर फरार हो गए।
मृतका का भाई दोपहर ढाई बजे जब बहन को दही देने के लिए घर गया तो घटना का पता चला। घटना के समय मृतका का पति राजेन्द्र बजाज पेट्रोल पम्प पर थे। घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर और पुलिस उप अधीक्षक सीताराम प्रजापत सहित अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार घर पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज में कुछ सुराग मिलने की उम्मीद की जा रही है। अभी तक पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं मिला है।
इस बीच इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय से विधि विज्ञान विशेषज्ञों तथा एमओबी की टीमों को बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।