
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में आए पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह को आज एक कार्यक्रम में सम्बोधन से पहले मोदी – मोदी के नारों का सामना करना पड़ा।
डा सिंह यहां एक निजी विश्वविद्यालय में सम्बोधित करने आए थे। जब वह सम्बोधन के लिए मंच पर आए तो वहां मौजूद छात्रों ने मोदी – मोदी के नारे लगाने शुरु कर दिए। बाद में छात्रों को समझाबुझाकर शांत किया गया। इसके बाद डा मनमोहन सिंह ने देश में आर्थिक मंदी का जिक्र करते हुए कहा कि आर्थिक सुधारों को जारी रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह विविधताओं का देश है, जिसमें बढ़ती जनसंख्या, जातिवाद जैसी कई समस्याएं हैं। इनको सुधारना होगा। तभी देश की तरक्की हो सकती है। हमारे देश में लोकतंत्र है और इसमें अभी भी सुधार की गुंजाइश है। इस देश को बेहतर बनाने के लिए निरंतर सुधार कार्यक्रम चलाने चाहिए। इससे पहले डा मनमोहन सिंह को जेकेएलयू लॉरेट सम्मान -2019 से सम्मानित किया गया।