

चंडीगढ़ । कैबिनेट मंत्री और कांग्रेसी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आज शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेतृत्व को हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के पंजाब विरोधी रुख पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की चुनौती दी।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति की तरफ से जारी रंधावा के बयान के अनुसार पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रभारी बनाये गये कैप्टन अभिमन्यु के सतुलज यमुना जोड़ नहर (एसर्वाएल) को पूरा करने के संदर्भ में दिये बयान पर शिअद को पंजाब और प्रदेश की जनता के समक्ष अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
कैप्टन अभिमन्यु के बयान को पंजाब के हितों के खिलाफ करार देते हुए रंधावा ने कहा कि एसवाईएल पंजाब के किसानों को नुकसान पहुंचाएगा और काफी जमीन बंजर हो जायेगी। भाजपा से शिअद के गठजाेड़ को निशाना बनाते हुए रंधावा ने कहा कि शिअद नेतृत्व संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए पंजाब के हितों का सौदा कर रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी कैप्टन अभिमन्यु का पुरजोर विरोध करेगी और शिअद को भी यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह पंजाब के किसानों के हितों की कीमत पर भाजपा से गठजोड़ जारी रखेगी।