Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नहीं रहीं सुषमा स्वराज, अंतिम संस्कार आज - Sabguru News
होम Delhi नहीं रहीं सुषमा स्वराज, अंतिम संस्कार आज

नहीं रहीं सुषमा स्वराज, अंतिम संस्कार आज

0
नहीं रहीं सुषमा स्वराज, अंतिम संस्कार आज

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। उनके परिवार में पति स्वराज कौशल और एक पुत्री बांसुरी स्वराज हैं। स्वराज का अंतिम संस्कार आज अपराह्न लोदी रोड स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वराज को उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर ले कर बचाने का प्रयास किया लेकिन उनके शरीर ने साथ नहीं दिया। उन्होंने रात नौ बजकर 35 मिनट पर अंतिम सांस ली।

स्वराज के गुर्दों का करीब तीन वर्ष पहले प्रत्यारोपण किया गया था, हालांकि वह उससे उबर गई थीं। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से गत अप्रैल-मई में हुआ लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।

स्वराज के निधन का समाचार मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा तथा कई अन्य केन्द्रीय मंत्री और पार्टी नेता एम्स पहुंच गए।

स्वराज के पार्थिव शरीर को एम्स से उनके आवास पर ले जाया गया और लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। इसके बाद वहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लग गया। इनमें संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री बाबुल सुप्रीयो, भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी तथा पार्टी के कई अन्य नेता शामिल थे।

नड्डा ने बताया कि स्वराज का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा जहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहां से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए लोदी रोड स्थित शवदाह गृह ले जाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया।

निधन से करीब चार घंटे पहले ही स्वराज ने जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे से संबंधित संविधान के अनुच्छेद-370 को समाप्त करने का संकल्प तथा जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पारित होने को लेकर खुशी जताई थी और प्रधानमंत्री की तारीफ की थी।

सुषमा ने अपने आखिरी ट्वीट में लिखा कि प्रधानमंत्री जी – आपका हार्दिक अभिनन्दन। मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी। वहीं एक अन्य ट्वीट में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा कि श्री अमित शाह जी को उत्कृष्ट भाषण के लिए बहुत बहुत बधाई।

पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन, यह था आखिरी ट्वीट